इंदौर

MP के इस एयरपोर्ट के पास सूखी घास में लगी आग, 2.50 किमी तक फैली लपटें

MP News: मध्य प्रदेश के इंदौर एयरपोर्ट के पास भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया।

2 min read
Mar 06, 2026
फोटो सोर्स- पत्रिका

MP News: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में धुलेंडी की शाम एयरपोर्ट के गैर प्रचालन क्षेत्र की खाली जमीन पर भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। सूखी घास में लगी आग ने विकराल रूप ले लिया और ढाई किमी क्षेत्र में फैल गई। ऊंची लपटें और काला धुआं कई किमी दूर से दिखाई दे रहा था। घटना के दौरान उड़ानों का संचालन जारी रहा।

जेसीबी मशीन मंगवाकर घास हटवाई

सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रबंधन, नगर निगम, फायर ब्रिगेड, जिला प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। लक्ष्मीबाई, मोती तबेला और जीएनटी मार्केट फायर स्टेशन से दमकल वाहन रवाना किए गए। शुरुआती सूचना पर फायर वाहन एयरपोर्ट से लगी व्यास नगर और चंदन नगर की बस्ती में पहुंचे, लेकिन बाद में पता चला कि आग एयरपोर्ट के गैर प्रचालन क्षेत्र की सूखी घास में लगी है। 10 फीट ऊंची घास और बड़े क्षेत्र में फैली आग के कारण दमकल वाहनों को पहुंचने में कठिनाई हुई। जेसीबी मशीन मंगाकर डेढ़ किमी तक घास हटाकर रास्ता बनाया, तब फायर वाहन घटनास्थल तक पहुंच सके।

आग बुझाने में लगा 50 हजार लीटर पानी

फायर ब्रिगेड एसआइ आरसी पंडित के अनुसार शाम 6.35 बजे आग की सूचना मिली थी। एयरपोर्ट के क्रैश टेंडर वाहन और फायर हाइड्रेट से भी पानी लिया, जबकि निगम के टैंकर पानी पहुंचाते रहे। डेढ़ लाख लीटर पानी और एयरपोर्ट प्रबंधन के लगभग 50 हजार लीटर पानी से देर रात डेढ बजे पूरी तरह काबू पाया जा सका।

उड़ानें प्रभावित नहीं हुईं

एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार गैर प्रचालन क्षेत्र रनवे से काफी दूर है। आग के बावजूद उड़ानों का संचालन प्रभावित नहीं हुआ और न किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति का नुकसान हुआ। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक आशंका है कि सूखी घास में बिजली के पोल से निकली चिंगारी, जलती बीड़ी-सिगरेट या आतिशबाजी के कारण आग लगी होगी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी देर रात तक वायरल होता रहा।

Published on:
06 Mar 2026 11:13 am
Also Read
View All