
Master Plan Roads:मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में आगामी सिंहस्थ को ध्यान में रखते हुए इंदौर में सड़क और यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए बड़े स्तर पर रोड नेटवर्क विकसित किया जा रहा है। शहर की विभिन्न मास्टर प्लान सड़कों का निर्माण तेजी से जारी है, जिससे न केवल सिंहस्थ के दौरान उज्जैन जाने वाले श्रद्धालुओं को सुगम मार्ग मिलेगा, बल्कि शहरवासियों को भी लंबे समय तक बेहतर यातायात सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
शहर में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने जनकार्य प्रभारी राजेन्द्र राठौर, स्थानीय पार्षदों और नगर निगम अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन मास्टर प्लान सड़कों का निरीक्षण किया। इस दौरान पार्षद कमल वाघेला, अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, अधीक्षण यंत्री पी.एस.कुशवाह, नरेश जायसवाल सहित निगम के अन्य अधिकारी और संबंधित विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे। महापौर ने सबसे पहले अहिल्या आश्रम स्कूल से भागीरथपुरा होते हुए आईएसबीटी एमआर-10 तक निर्माणाधीन एमआर-04 रोड का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और समयसीमा की जानकारी ली तथा निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा किया जाए।
महापौर ने कहा कि एमआर-04 सड़क बनने के बाद शहर के कई हिस्सों के बीच संपर्क बेहतर होगा। विशेष रूप से सिंहस्थ के दौरान जब लाखों श्रद्धालु इंदौर होकर उज्जैन पहुंचेंगे, तब यह मार्ग महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने एमआर 10 से एमआर-12 तक निर्माणाधीन सडक मार्ग का निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी निर्माण कार्यों में गति बनाए रखी जाए।
-एमआर-04 रोड का निर्माण कार्य तेज गति से जारी।
-मार्ग अहिल्या आश्रम स्कूल से भागीरथपुरा होते हुए आइएसबीटी एम.आर.-10 तक विकसित हो रहा।
-एमआर-10 से एमआर-12 सड़क परियोजना के काम में तेजी।
-जिंसी व छावनी क्षेत्र में बाधक हिस्से हटाने के बाद सड़क निर्माण का रास्ता साफ
आगामी सिंहस्थ को देखते हुए शहर की सड़क एवं यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। इनवे पूरा होने से श्रद्धालुओं और शहरवासियों दोनों को बेहतर आवागमन सुविधाएं मिलेंगी।- पुष्यमित्र भार्गव, महापौर