
Indore Newly Married Woman Suicide Case: मध्यप्रदेश के इंदौर में एक नवविवाहिता ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना शहर के गांधी नगर थाना क्षेत्र की है, मृतका की शादी करीब दो साल पहले हुई थी। आत्महत्या करने से पहले नवविवाहिता ने घर में मौजूद अपने 9 साल के छोटे भाई को डांटकर चाकू दिखाकर घर के बाहर भगा दिया था। छोटा भाई घर के बाहर बैठकर दरवाजा खुलने का इंतजार करता रहा और अंदर नवविवाहिता ने अपनी जान दे दी। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है।
गांधी नगर थाना क्षेत्र में रहने वाली 17 साल की नवविवाहिता अनिता ठाकुर ने करीब दो साल पहले सूरज ठाकुर निवासी पातालखेड़ी कांकड़ के साथ शादी की थी। शुक्रवार शाम को अनिता घर में अपने 9 साल के छोटे भाई रोहन के साथ थी। अनिता ने रोहन को घर से बाहर जाने के लिए कहा लेकिन जब वो बाहर नहीं गया तो अनिता ने उसे डांटा और चाकू दिखाकर डरा दिया, जिससे रोहन घर के बाहर चला गया। रोहन घर के बाहर बैठकर दरवाजा खुलने का इंतजार कर रहा था। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो वो रोने लगा, रोने की आवाज सुनकर आसपड़ोस के लोग पहुंचे और दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
पड़ोसियों ने घर का दरवाजा तोड़ा तो अनिता फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी। लोगों ने तुरंत उसे नीचे उतारा, तब तक परिवार के लोग भी घर पहुंच गए। अनिता के पति सूरज ने बताया कि अनिता की सांसें चल रही थीं, रास्ते में उसकी सांसें थम गईं और अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पति सूरज ने बताया कि अनिता गांव के एक युवक से बातचीत करती थी। दोनों के बीच मोबाइल की चैट सामने आई थी, इसके बाद अनिता को समझाया था और उसका भाई व पिता भी इंदौर आए थे और दो दिन रुककर उसे समझाया था। उन्होंने ये भी बताया कि करीब एक साल पहले भी अनीता ने आत्महत्या करने की कोशिश की थी।
पुलिस को मृतका अनिता के पास से एक सुसाइड नोट मिला है। इस सुसाइड नोट में अनिता ने लिखा है- 'ऐसा क्या करूं जिससे आप सब खुश हो जाओ। आप सब चाहते हैं कि मैं उन्हें छोड़ दूं, लेकिन मैं ऐसा नहीं कर सकती। पति को छोड़ने से पहले मुझे यह दुनिया छोड़नी होगी। मैं यह गलती फिर से दोहरा रही हूं। प्लीज मुझे माफ कर देना। मैं आपके सब के लायक नहीं हूं, इसलिए हमेशा के लिए जा रही हूं।' इसके अलावा सुसाइड नोट में और भी भावनात्मक बातें लिखी हैं। हालांकि सुसाइड नोट पर न तो तारीख लिखी है और न ही कोई हस्ताक्षर हैं। पुलिस ने सुसाइड नोट को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।