
arman pawar death case found dead near bina railway track, गर्लफ्रेंड से मिलने रीवा गए अरमान पवार का शव रेलवे ट्रैक के पास मिला (source-patrika)
Sagar Arman Pawar Death Case: मध्यप्रदेश के सागर जिले के बीना के पास एक युवक का शव रेलवे ट्रैक किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अरमान पवार निवासी उज्जैन के तौर पर हुई है। युवक 16 जून को अपने छोटे भाई से ये कहकर गया था कि उसे गर्लफ्रेंड ने बर्थ-डे मनाने के लिए रीवा बुलाया है। इतना ही नहीं 16 जून की रात में उसने मां को फोन कर बताया था कि वो रीवा पहुंच गया है, लेकिन उसके साथ धोखा हुआ है। इसके बाद 17 जून की रात को किसी लड़के ने युवक की मां को फोन कर ट्रेन से गिरने के बारे में सूचना दी।
उज्जैन निवासी राजेश पवार ने बताया कि उनका भतीजा अरमान पवार 16 जून की सुबह घर से यह कहकर निकला था कि वह अपनी गर्लफ्रेंड का जन्मदिन मनाने रीवा जा रहा है। उसने अपने छोटे भाई से यह बात किसी को न बताने के लिए भी कहा था। परिवार को इसकी जानकारी बाद में मिली। परिजनों के अनुसार 16 जून की रात करीब 9.30 बजे अरमान ने अपनी मां को फोन कर बताया था कि वह रीवा पहुंच गया है।
परिजन के मुताबिक अरमान ने मां से फोन पर बात करते वक्त यह भी बताया था कि उसके साथ धोखा हुआ है। जिस युवती के जन्मदिन में शामिल होने वह गया था, वह वहां मौजूद नहीं थी।बताया गया कि युवती उज्जैन में पढ़ाई करती है, जबकि मूल रूप से रीवा की रहने वाली है। अरमान और युवती उज्जैन के एग्रीकल्चर कॉलेज में साथ पढ़ते थे तथा दोनों के बीच करीब डेढ़ साल से प्रेम संबंध थे। मां से बातचीत के बाद अरमान का मोबाइल बंद हो गया था। इसके बाद परिवार का उससे कोई संपर्क नहीं हो सका। परिजनों का कहना है कि 17 जून की रात करीब 9.30 बजे उन्हें एक छात्र का फोन आया, जिसने बताया कि अरमान बीना के पास किसी रेलवे स्टेशन के नजदीक गिर गया है। जब परिवार ने उससे पूछा की जानकारी कहां से मिली है, तो उसने उसी युवती का नाम बताया, जिससे अरमान का प्रेम संबंध था।
अरमान का शव मंडीबामोरा स्टेशन से बीना की ओर करीब 500 मीटर दूर रेलवे ट्रैक के पास मिला। जीआरपी ने शव को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम व शव परिजनों के सुपुर्द किया। जीआरपी ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अरमान के परिजनों ने प्रेम संबंध में साजिश कर हत्या करने का आरोप लगाया है।
Published on:
18 Jun 2026 10:39 pm
बड़ी खबरें
View Allसागर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
