इंदौर

Voter ID में है गड़बड़ी तो ऐसे करें सुधार

मतदाता सूची में नाम नहीं या Voter ID में कराना है कोई अपडेशन, 12 अगस्त से लगने जा रहे हैं विशेष शिविर।
2 min read
• •
Updated: 3 Aug 2023, 8:10 PM IST
Voter ID mistake correct like this
Voter ID में है गड़बड़ी तो ऐसे करें सुधार

भारत निर्वाचन आयोग की ओर से तय कार्यक्रम के अनुसार, इंदौर जिले में प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा रहा है। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन आदि का काम पिछले तीन दिनों से जारी है। इस संबंध में इंदौर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इलैयाराजा टी ने जिलेवासियों से आग्रह किया है कि, अपने-अपने मतदाता केंद्रो पर पहुंचकर मतदाता सूची का अवलोकन करें। मतदाता सूची में नाम न होने पर निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर अपना नाम जुड़वाएं।

कलेक्टर इलैयाराजा टी ने खासतौर पर युवा मतदाताओं से कहा कि, वो अपना नाम मतदाता सूची में जरूर जुड़वाएं। जिले में आगामी 31 अगस्त तक मतदाता सूची से जुड़े काम जारी रहेंगे। कलेक्टर ने कहा कि, जिले में मतदाता सूची का पुनरीक्षण का काम पारदर्शी तरीके से किया जाएगा। अगर मतदाता सूची में नाम न हो तो निर्धारित प्रारूप में आवेदन करें। बता दें कि, जिले में 12 अगस्त, 13 अगस्त, 19 अगस्त और 20 अगस्त को वार्ड स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इसी के साथ साथ निर्वाचन आयोग के कर्मचारी घर-घर जाकर दावे-आपत्ति भी प्राप्त करेंगे।


क्या कहते हैं आंकड़े ?

बता दें कि, इंदौर जिले में 2 हजार 486 मतदान केन्द्रों पर बीएलओ उपस्थित रहकर आवेदन लेंगे। इसके लिए चुनाव आयोग ने जिले की सभी 9 विधानसभा सीटों पर रजिस्ट्रीकरण और सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किए हैं। जिले में प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार, सभी 9 विधानसभा क्षेत्रों में 26 लाख 4 हजार 871 मतदाता हैं, जिसमें पुरूष मतदाताओं की संख्या 13 लाख 25 हजार 413 है, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 12 लाख 79 हजार 368 है। इसी के साथ 90 अन्य मतदाता हैं।


युवा मतदाताओं के लिए इस बार विशेष अभियान

युवा मतदाताओं को जोड़ने के लिए इस बार विशेष अभियान स्वीप चलाया जा रहा है। इसके तहत कॉलेजों में और अन्य जगहों पर जागरूकता के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों को निर्वाचक नामावली के प्रारूप की सूची, मतदान केन्द्रों की सूची और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध भी कराई गई।

Published on: