बिजली कंपनी के सॉफ्टवेयर से टेलीग्राम को जोड़ा....
इंदौर। शहर के बिजली उपभोक्ताओं के लिए पेपरलेस बिल की व्यवस्था लागू करने के बाद अलग-अलग माध्यमों से बिल पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में अब टेलीग्राम पर भी ये बिल भिजवाने का निर्णय लिया गया है।
मप्रपक्षेविविकं के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के अधीक्षण यंत्री सुनील पाटौदी ने बताया कि टेलीग्राम से बिजली कंपनी के बिलिंग सॉफ्टवेयर एनजीबी को जोड़ दिया गया है। जैसे ही बिल जनरेट होगा, वैसी ही टेलीग्राम पर यह बिल संबंधित पंजीकृत उपभोक्ता को पीडीएफ के रूप में दिखाई देने लगेगा। टेलीग्राम पर बिजली बिल प्राप्त करने के लिए उपभोक्ता का पंजीकृत नंबर बिजली कंपनी और टेलीग्राम सेवा में पंजीकृत होना जरूरी है। टेलीग्राम मैसेंजर ऐप में उपभोक्ता को @mpwizbillbot पर क्लिक करना है। एक बार इस प्रक्रिया में रजिस्टर्ड होने के बाद प्रत्येक माह उपभोक्ता को टेलीग्राम पर बिजली बिल की पीडीएफ नियमित रूप से प्राप्त होती रहेगी।
सबसे ज्यादा बिजली की खपत इंदौर और सबसे कम जबलपुर में
रोशनी का त्योहार दीपावली पर प्रदेश में बिजली की मांग पिछले साल की तुलना में कम रही। बात यदि प्रदेश की तीनों बिजली वितरण कंपनी में हो तो सबसे ज्यादा इंदौर की पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में बिजली की खपत हुई। वहीं सबसे कम जबलपुर की पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में मांग रही। दीपावली के दिन शाम के वक्त बिजली की मांग प्रदेश में 9340 मेगावाट थी।
पिछले साल चार नवंबर 2021 में दीपावली पर प्रदेश में 9882 मेगावाट मांग थी। जबलपुर में पिछले साल की तुलना में बिजली की मांग 12 प्रतिशत अधिक थी लेकिन इस साल के दशहरे की तुलना में कम बिजली की मांग थी। मप्र पावर ट्रांसमिशन कंपनी के स्टेट लोड डिस्पेच सेंटर में मुख्य अभियंता आर पटेल ने बताया कि बिजली की दीपावली पर निर्बाध आपूर्ति की गई। कहीं भी किसी तरह का व्यावधान नहीं हुआ। प्रदेश में दीपावली पर शाम छह बजे 9340 मेगावाट की मांग थी। यह पिछले साल से करीब 542 मेगावाट कम थी।