12 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गुजरात-राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं ने बढ़ाया पारा, इंदौर में अब पड़ेगी भीषण गर्मी

Indore Weather : इंदौर में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जिसके चलते ये प्रदेश में तीसरा सबसे गर्म शहर रहा। मौसम विभाग ने यहां तापमान 44 डिग्री तक पहुंचने के आसार जताए हैं।

2 min read
Google source verification
Indore Weather

गुजरात-राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं ने बढ़ाया इंदौर का पारा (Photo Source- Patrika)

Indore Weather : सूरज की तपन से मध्य प्रदेश के इंदौर वासी हलाकान हैं। सोमवार को अधिकतम तापमान 43.2 और न्यूनतम तापमान 24.7 रहा। इससे प्रदेश में इंदौर सबसे अधिक गर्म शहरों में तीसरे स्थान पर रहा। मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान और गुजरात से आ रही गर्म हवा के कारण मालवा में ऐसी स्थिति बन रही है। यह सिलसिला जारी रहा तो तापमान 44 डिग्री तक पहुंच सकता है।

सोमवार को सुबह से ही तेज धूप का अहसास हुआ। बादलों के कारण उमस बढ़ी। इससे बढ़ी तपन से शाम तक राहत नहीं मिली। दोपहर को 34 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर पश्चिमी हवा चली। आर्द्रता 22 फीसदी रही। पूर्व मौसम वैज्ञानिक डॉ. अजय शुक्ला के अनुसार, 15 दिन से प्रदेश के पूर्वी जिलों में बारिश व आंधी जैसे हालात हैं। इससे वहां तापमान में अधिक वृद्धि नहीं हो रही है। मालवा व आसपास के जिलों में गुजरात व राजस्थान की तरफ से आ रही गर्म हवा सीधे प्रवेश कर रही है, जिससे अप्रेल और अब मई में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो रही है।

दस साल में पांचवीं बार बनी ऐसी स्थिति

दस साल में 43.2 डिग्री या इससे अधिक तापमान रहने की स्थिति पांचवीं बार बनी है। इसके पहले 2016 में 44.5, 2018 में 43.2, 2022 में 43.4 व 2024 में 44.5 डिग्री तापमान रहा था।

मौसम की स्थिति

  • एक पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ के रूप में आगे बढ़ रहा है।
  • पश्चिम राजस्थान एवं आसपास के क्षेत्र पर चक्रवातीय सिस्टम सक्रिय है।
  • पश्चिमी मप्र व दक्षिण-पश्चिम मप्र के ऊपर चक्रवातीय सिस्टम बना हुआ है।
  • एक ट्रफ मप्र, छत्तीसगढ़ एवं झारखंड होते हुए पश्चिम बंगाल तक फैला है।

मई में तापमान

वर्ष, अधिकतम, न्यूनतम

2016, 44.5, 19.9

2017, 42.8, 19.6

2018, 43.2, 22.6

2019, 42.5, 21.2

2020, 42.4, 22.5

2021, 40.6, 21.0

2022, 43.4, 23.0

2023, 42.7, 18.9

2024, 44.5, 21.4

2025, 42.0, 17.2

24 घंटों में कैसा रहा प्रदेश का मौसम?

बीते कई दिनों तक चली आंधी और बारिश के बाद अब प्रदेश भीषण गर्मी और लू की चपेट में आ गया है। सोमवार को रतलाम में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने मंगलवार को उज्जैन, धार, अलीराजपुर, बड़वानी, रतलाम और झाबुआ समेत 6 जिलों में लू चलने का अलर्ट जारी किया है। मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार, अगले चार दिनों तक इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में गर्म हवाओं का असर बना रहेगा। इन क्षेत्रों में तापमान 44 से 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। खासकर रतलाम, नीमच और मंदसौर में गर्मी सबसे ज्यादा परेशान करेगी।