इंदौर

‘तुरंत दें पजेशन…’ अफसरों पर भड़के महापौर, इंदौर में PM आवास योजना के ‘7100 फ्लैटों’ की लेटलतीफी

PM Awas Yojana: महापौर ने अफसरों को हिदायत दी है कि समय रहते सतपुड़ा परिसर में अधूरे निर्माण कार्य को पूरा करें और शीघ्र ही हितग्राहियों को फ्लैट का पजेशन दें।

2 min read
Jun 23, 2026
पीएम आवास योजना: '7100 फ्लैटों' की लेटलतीफी पर भड़के महापौर, इंदौर में अफसरों को दी हिदायत
पीएम आवास योजना: '7100 फ्लैटों' की लेटलतीफी पर भड़के महापौर, इंदौर में अफसरों को दी हिदायत

PM Awas Yojana indore:एमपी के इंदौर शहर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पहले चरण में बन रहे फ्लैट और दूसरे चरण में बनने वाले 7100 फ्लैटों के कार्यों की लेटलतीफी पर महापौर ने नाराजगी जताई है। साथ ही योजना का काम देखने वाले अफसरों को हिदायत दी है कि समय रहते सतपुड़ा परिसर में अधूरे निर्माण कार्य को पूरा करें और शीघ्र ही हितग्राहियों को फ्लैट का पजेशन दें। सड़क निर्माण में बाधक मकानों में रहने वाले परिवारों की शिफ्टिंग के लिए फ्लैट की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कल निगम मुख्यालय स्थित महापौर सभाकक्ष में प्रधानमंत्री आवास योजना एवं जनकार्य विभाग के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की समीक्षा की।

इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के अपर आयुक्त अर्थ जैन, जनकार्य विभाग के अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, अधीक्षण यंत्री पीएस कुशवाह आदि मौजूद थे। महापौर भार्गव ने प्रधानमंत्री आवास योजना के पहले चरण में निर्मित आवास इकाइयों की स्थिति का पजेशन देखते हुए कुल स्वीकृत फ्लैट, निर्मित फ्लैट, निर्माणाधीन फ्लैट, आबंटित फ्लैट, रजिस्ट्री की प्रगति, रिक्त आवासों की संख्या, प्रतीक्षा सूची की स्थिति एवं निरस्त प्रकरणों की पूरी रिपोर्ट जिम्मेदार अफसरों से ली। साथ ही निर्देशित किया कि सभी लंबित प्रकरणों का और मौके पर रहे शेष कार्यों का शीघ्र निराकरण कर पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध रूप से लाभान्वित किया जाए।

यहां बनेंगे 7 हजार से ज्यादा नए फ्लैट

प्रधानमंत्री आवास योजना-2.0 के अंतर्गत सनावदिया एक्सटेंशन, बढिय़ा कीमा, सिन्दौड़ा, रंगवासा एवं उमरीखेड़ी क्षेत्रों में प्रस्तावित भूमि की उपलब्धता एवं विकास संबंधी कार्यों की जानकारी महापौर भार्गव ने ली, क्योंकि इन क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत 7 हजार से ज्यादा नए फ्लैट बनेंगे। महापौर भार्गव ने इन क्षेत्रों में प्रस्तावित आवासीय परियोजनाओं की कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने अफसरों को निर्देशित किया कि आवासीय परिसरों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। हितग्राहियों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए।

सतपुड़ा और अरावली को लेकर हुई खास बात

समीक्षा बैठक में महापौर भार्गव ने सतपुड़ा परिसर एवं अन्य निर्माणाधीन आवास परियोजनाओं की प्रगति पर विशेष चर्चा की। महापौर भार्गव ने सतपुड़ा परिसर में अधूरे निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करते हुए पात्र हितग्राहियों को शीघ्र पजेशन प्रदान करने के निर्देश दिए। अरावली परिसर में निर्मित वन बीएचके फ्लैटों के शेष कार्यों को भी त्वरित गति से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

क्या है पीएम आवास योजना

प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) भारत सरकार की एक प्रमुख कल्याणकारी योजना है, जिसका मुख्य उद्देश्य देश के आर्थिक रूप से कमजोर, गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को किफायती और पक्के घर उपलब्ध कराना है।

Published on:
23 Jun 2026 05:00 pm