इंदौर

राहुल गांधी के इंदौर दौरे पर एक और अड़ंगा, भाजपा ने वेन्यू पर लगाई आपत्ति

Rahul Gandhi Chhatron Ki Goonj: विपक्ष के नेता राहुल गांधी के इंदौर में 19 सितंबर को प्रस्तावित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के दूसरे वेन्यू को लेकरभी विवाद सामने आ गया है। भाजपा ने वेन्यू को लेकर आपत्ति दर्ज की है।
2 min read
Sep 04, 2026
rahul gandhi chhatron ki goonj indore
Chhatron Ki Goonj Indore: राहुल गांधी के कार्यक्रम स्थल पर भाजपा की आपत्ति (फोटो सोर्स- Rahul Gandhi X Handle)

Chhatron Ki Goonj Indore: मध्य प्रदेश के इंदौर में विपक्ष के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के 'छात्रों के गूंज' कार्यक्रम के वेन्यू को लेकर विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। रीजनल पार्क के सामने भारत जोड़ो मैदान में प्रस्तावित कांग्रेस के कार्यक्रम को लेकर भाजपा ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा है। इस आपत्ति पर शुक्रवार को कांग्रेस के छात्र विंग NSUI के राष्ट्रीय प्रवक्ता विराज यादव ने भाजपा पर निशाना साधा है।

भाजपा बोली- विवादित है जमीन

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने पुलिस आयुक्त और जिला कलेक्टर को शिकायत देकर कहा है कि 19 सितंबर को शाम 5 बजे भारत जोड़ो मैदान में कार्यक्रम का पोस्टर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है। पोस्टर में राहुल गांधी के साथ जुड़ने और कार्यक्रम में शामिल होने के लिए क्यूआर कोड के माध्यम से रजिस्ट्रेशन का आह्वान किया गया है। प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव कहा कि जिस जमीन को कार्यक्रम स्थल बताया जा रहा है, उसके स्वामित्व और अधिपत्य को लेकर आइडीए से संबंधित न्यायालयीन विवाद की स्थिति है। ऐसे में प्रशासन यह जांच करें कि आयोजकों ने जमीन के उपयोग के लिए आइडीए या सक्षम प्राधिकारी से अनुमति ली है या नहीं। उन्होंने कहा कि अनुमति नहीं होने की स्थिति में कार्यक्रम की तैयारियों को तत्काल रोका जाना चाहिए।

कलेक्टर से की कार्रवाई की मांग

राकेश यादव ने कहा कि बिना अनुमति मंच, टेंट, पंडाल, बैरिकेडिंग, होर्डिंग या विद्युत व्यवस्था किए जाने पर रोक लगाने की मांग की है। साथ ही अनधिकृत कब्जा या अतिक्रमण मिलने पर मध्यप्रदेश भू-राजस्व संहिता की धारा 248 सहित अन्य प्रावधानों में कार्रवाई, सोशल मीडिया पोस्ट और क्यूआर कोड की साइबर जांच तथा आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि कोई भी राजनीतिक दल कानून और प्रशासनिक आदेश से ऊपर नहीं है।

भाजपा विधायक के बेटे ने करवाया था कार्यक्रम, हमे अनुमति क्यों नहीं?

शुक्रवार को पत्रिका से बातचीत में कांग्रेस की छात्र विंग भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के राष्ट्रीय प्रवक्ता विराज यादव ने भाजपा पर निशाना साधा। विराज ने आरोप लगाया कि कुछ समय पहले भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के पुत्र रुद्राक्ष शुक्ला ने भी नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम का आयोजन कराया था। उन्होंने बताया कि इसके अलावा यहां चार से पांच कॉन्सर्ट भी हो चुके है, जिनमें आयोजकों ने बड़ी संख्या में लोगों के आने की बात की थी। विराज ने आरोप लगाया कि जब इन इवेंट्स को अनुमति मिल सकती है तो राहुल गांधी के कार्यक्रम को अनुमति क्यों नहीं दी गई। NSUI राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि पुणे, दिल्ली, प्रयागराज और देहरादून में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम की सफलता के बाद भाजपा में घबराहट है इसलिए वह ऐसे पैंतरे आजमा रहे हैं। राहुल गांधी का प्रोग्राम तय दिन, समय और स्थल पर ही होगा।

Updated on:
04 Sept 2026 03:41 pm
Published on:
04 Sept 2026 03:34 pm