
राहुल गांधी (Photo Source: Rahul Gandhi instagram account)
Indore news: एमपी के इंदौर शहर में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के 12 सितंबर को प्रस्तावित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि नेहरू स्टेडिमय न मिलने के कारण कार्यक्रम को कैंसिल कर दिया गया है। अब 12 सितंबर को राहुल गांधी इंदौर नहीं आएंगे। आने वाली 19 सितंबर को 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम किया जाएगा।
जानकारी के लिए बता दें कि कांग्रेस ने नगर निगम से नेहरू स्टेडिमय मांगा था। नियम-कायदे का हवाला देते हुए निगम ने स्टेडियम देने से इनकार कर दिया। ऐसे में कार्यक्रम रीजनल पार्क के सामने खाली जमीन पर कराने की तैयारी थी। इसके लिए मैदान को समतल करने के साथ अन्य काम शुरू हो गए थे, जिसके बाद अचानक से राहुल के दौरे को टाल दिया गया है। इधर, राहुल गांधी के इंदौर आने और आयोजन को लेकर बीते दो दिनों से दोपहर से लेकर रात तक बैठकों का दौर चलता रहा जिसमें पदाधिकारियों को कार्यक्रम की जिम्मेदारी देने के साथ रणनीति बनाई थी।
बता दें कि छात्रों की गूंज कार्यक्रम के जरिए कांग्रेस छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठा रही है। नीट पेपर लीक कांड, शिक्षा, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े अन्य विषयों के साथ पार्टी की कोशिश छात्रों के बीच अपना राजनीतिक संदेश पहुंचाना का भी है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की मौजूदगी में अब 19 सितंबर को होने वाले छात्रों के गूंज कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए इंदौर सहित पूरे प्रदेश के नेता सक्रिय हो गए हैं, लेकिन कांग्रेस को कार्यक्रम करने के लिए नेहरू स्टेडियम नहीं मिला।
इसके चलते दूसरी जगह पर कार्यक्रम कराया जाएगा। इसके लिए कांग्रेस ने तैयारी शुरू कर दी है। बता दें कि आज इंदौर-उज्जैन और भोपाल संभाग के पदाधिकारियों की रखी गई बैठक में प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी कार्यक्रम स्थल को लेकर बात करके जिम्मेदारी सौंपने वाले थे लेकिन अब कार्यक्रम को कैंसिल कर दिया गया है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम से नगर निगम में भाजपा की परिषद और भाजपा की प्रदेश सरकार बुरी तरह से डरी हुई है। इस कारण और सरकार के दबाव में इंदौर नगर निगम द्वारा नेहरू स्टेडियम को किराए पर नहीं देने का फैसला लिया गया है।
प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को एक पत्र लिखा था। इसमें कांग्रेस के प्रस्ताव को संज्ञान में लेते हुए इंदौर के नेहरू स्टेडियम को छात्रों की गूंज कार्यक्रम के लिए तत्काल उपलब्ध करवाने की बात लिखी गई। पटवारी ने यह भी लिखा है कि राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष हैं। वे शिक्षा की सुरक्षा और युवाओं के भविष्य को लेकर पूरे देश में जनजागृति का अभियान चला रहे हैं।
यह कार्यक्रम राजनीतिक दल का प्रचार नहीं, यह देश के भविष्य, हमारे युवाओं, उनके सपनों और शिक्षा के अधिकार से जुड़ा संवाद है। सच यह भी है कि युवाओं के सपने तभी सुरक्षित रहेंगे, जब शिक्षा सुरक्षित रहेगी। शिक्षा बचेगी तभी देश का भविष्य बचेगा। इसलिए मैं नियम-कायदे की आड़ में इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को रोकने की बहस और बयानबाजी में भी नहीं पडऩा चाहता। सरकार विषय की गंभीरता और राष्ट्रीय महत्व को समझें और इंदौर के नेहरू स्टेडियम को छात्रों की गूंज के लिए उपलब्ध करवाएं। हालांकि अब इस कार्यक्रम को आगे बढ़ा दिया गया है।
Updated on:
02 Sept 2026 03:25 pm
Published on:
02 Sept 2026 03:24 pm
