इंदौर

इंदौर में राहुल गांधी के कार्यक्रम स्थल पर लहराया खतरनाक कोबरा, पकड़ने के लिए की विशेष व्यवस्था

Rahul Gandhi In Indore : 19 को आयोजन: पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था सूची सौंपी, चूक पर ऐनवक्त पर निरस्त हो सकती है अनुमति, राहुल के कार्यक्रम के लिए 31 शर्तें... 'राजीव गांधी हत्याकांड' वाले स्थान का दिया हवाला
2 min read
Sep 18, 2026
इंदौर में राहुल गांधी के कार्यक्रम में सांप का खतरा
इंदौर में राहुल गांधी के कार्यक्रम में सांप का खतरा - इंदौर में राहुल गांधी के कार्यक्रम में सांप का खतरा - फोटो सोर्स : X @jitupatwari and AI Grok

Rahul Gandhi In Indore : इंदौर में कल प्रस्तावित राहुल गांधी के "छात्रों की गूंज" के संदर्भ में कांग्रेस ने शुक्रवार सुबह प्रेस वार्ता बुलाई। इंदौर के भारत जोड़ो मैदान से प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने इसे संबोधित किया। इससे पहले 19 सितंबर को होने वाले 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को लेकर इंदौर में पुलिस- प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कांग्रेस के सामने 31 शर्तें रखी। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे और जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े को दिए पत्र में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित सुरक्षा इंतजामों या शर्तों का उल्लंघन होने पर कार्यक्रम की अनुमति ऐनवक्त पर निरस्त की जा सकती है। कांग्रेस को अपेक्षित भीड़ से लेकर बाहर से आने वाले वाहनों, पार्किंग, मेडिकल सुविधा और आपातकालीन व्यवस्था तक की जानकारी पहले देनी होगी। राहुल गांधी का 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम जहां हो रहा है वो खुला स्थान है। ऐसे में जहरीले सांपों का खतरा देखते हुए प्रशिक्षित सर्प दल की भी तैनाती की बात कही गई है। कार्यक्रम स्थल पर एक खतरनाक कोबरा भी निकला जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।

पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के संदर्भ में वर्मा आयोग की रिपोर्ट की सिफारिशों का भी उल्लेख किया है। इसमें 21 मई 1991 को श्रीपेरम्बदूर में हुई घटना का संदर्भ देते हुए वीआइपी सुरक्षा में आयोजकों की लापरवाही और पुलिस व्यवस्था में हस्तक्षेप से जुड़े बिंदुओं का उल्लेख है। हालांकि, राजीव गांधी के नाम का उल्लेख नहीं है।

पुलिस के पत्र के मुताबिक, रिपोर्ट में कमजोर बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण में परेशानी, प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की कमी और निर्धारित सुरक्षा जांच के बिना लोगों के वीआइपी क्षेत्र में पहुंचने जैसे बिंदुओं का जिक्र है। आयोग की सिफारिशों में पुलिस के सुरक्षा निर्देशों को बाध्यकारी रखने और मानक पूरे नहीं होने पर कार्यक्रम रद्द करने का अधिकार देने की बात कही गई थी।

31 शर्तों में ये बातें…

भीड़ का शपथ-पत्र : अपेक्षित भीड़ की वास्तविक संख्या का शपथ-पत्र देना होगा। स्थल की क्षमता से अधिक लोगों को प्रवेश नहीं दिया जा सकेगा।

बाहरी की जानकारी : बाहर से आने वाली भीड़ की संख्या, बसों और निजी वाहनों की संचया, चालकों की जानकारी, रूट और पार्किंग प्लान पहले देना होगा।

सेक्टरवार व्यवस्था : कार्यक्रम स्थल का स्केल-मैप तैयार करना होगा। सेक्टरवार भीड़ व्यवस्था, गैंगवे, आपातकालीन कॉरिडोर और पार्किंग की व्यवस्था स्पष्ट करनी होगी।

मेडिकल इंतजाम : कार्यक्रम में 2 डॉक्टर, 4 पैरामेडिक और 4 एंबुलेंस की व्यवस्था करनी होगी। अस्पताल से टाई-अप भी जरूरी होगा।

बुनियादी सुविधाएं : पेयजल, मोबाइल शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैकअप सिस्टम और आपातकालीन व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी।

ड्रोन पर पूरी रोक : कार्यक्रम स्थल और आसपास ड्रोन का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

आपत्तिजनक सामग्री नहीं :
आपत्तिजनक सामग्री तथा भड़काऊ पोस्टर- बैनर लगाने पर रोक रहेगी।

निर्देश मानना अनिवार्य
पुलिस ने आयोजकों को सुरक्षा से जुड़े सभी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए निर्धारित व्यवस्था और प्रवेश प्रणाली का पालन करना होगा।

कार्यक्रम स्थल पर एक खतरनाक कोबरा निकल भी चुका

खास बात यह है कि खुले मैदान को राहुल गांधी के कार्यक्रम में सांप बिच्छुओं का भी खतरा जताया जा रहा है। इसे देखते हुए 2 प्रशिक्षित सर्प-पकड़ दल और एंटी-वेनम की उपलब्धता भी सुनिश्चित करने की बात कही गई है। कार्यक्रम स्थल पर एक खतरनाक कोबरा निकल भी चुका है। उसे लहराता देख लोग दहशत में आ गए। यही कारण है कि सर्प पकड़ने के लिए यहां विशेष व्यवस्था की गई है। हर 500 लोगों पर एक जल-बिंदु और हर 250 लोगों पर एक मोबाइल शौचालय की व्यवस्था करने की भी शर्त है।

Updated on:
19 Sept 2026 02:01 pm
Published on:
18 Sept 2026 01:18 pm