इंदौर

दूसरा डोज जरूरी वरना नहीं मिलेगा किसी भी सरकारी योजना का लाभ

वैक्सीन नहीं लगाने वालों को सरकारी सुविधाओं जैसे राशन या शासन की किसी योजना के लाभ से वंचित किया जाएगा....
2 min read
Nov 08, 2021
photo6071105245955600208.jpg
vaccination

इंदौर। कोरोना की आशंका को जड़ से खत्म करने के लिए आज से वैक्सीनेशन महाअभियान छेड़ा जाएगा। वर्तमान में 12 लाख से ज्यादा लोग ऐसे हैं, जिन्हें दूसरा डोज नहीं लगा है। इनमें से 9 लाख से ज्यादा ऐसे हैं, जिनकी वैक्सीन लगाने की अंतिम तारीख भी निकल चुकी है। इन लोगों को प्राथमिकता से दूसरा डोज लगाया जाएगा। राज्य शासन ने अब हर बुधवार को महाभियान चलाने का आदेश दिया है। वैक्सीन नहीं लगाने वालों को सरकारी सुविधाओं जैसे राशन या शासन की किसी योजना के लाभ से वंचित किया जाएगा।

सोमवार को 225 से ज्यादा स्थानों पर शिविर लगाए हैं। शहरी क्षेत्र में 119 व ग्रामीण क्षेत्रों में 106 सेंटर बनाए हैं। इन सभी सेंटरों पर कोविशील्ड व कोवैक्सीन का पहला व दूसरा डोज लगाया जाएगा। फिलहाल 29 लाख 52 हजार 271 लोगों को पहला डोज लग चुका है। 17 लाख 38 हजार 414 लोगों को दोनों डोज लग चुके हैं। करीब 59 प्रतिशत लोगों को टीका लग चुका है जबकि दूसरे डोज 12.13 लाख लोगों को लगना शेष है।

इनमें से 9 लाख से ज्यादा तो ऐसे हैं, जिनकी अंतिम तारीख निकल चुकी है। सरकारी विभागों में संबंधित जिम्मेदारों की जवाबदेही की जा रही है कि जिन लोगों का दूसरा डोज नहीं लगा, उन्हें हर हाल में वैक्सीनेशन के लिए भेजे। जब तक वैक्सीन नहीं लगे, तब तक सेवाएं नहीं दी जाएं। वैक्सीन नहीं लगाने वालों को सरकारी सुविधाओं जैसे राशन या शासन की किसी योजना के लाभ से वंचित किया जाएगा।

मैसेज देकर बुलाएंगे सेंटर

जिन लोगों का दूसरा डोज बाकी है, उन्हें मैसेज भेजकर सूचना देंगे। लोगों को वैक्सीनेशन के प्रति प्रेरित करने के लिए आशा व आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को घर-घर भेजा जा रहा है। पहले डोज की तरह शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में सेंटर बनाए हैं।

मोबाइल वैन का उपयोग

पहले डोज के टारगेट पूरा करने के दौरान अंतिम 15% के लिए मोबाइल वैन से वैक्सीनेशन किया था। इनके माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को वैक्सीन लगाई थी। ऐसी व्यवस्था शुरू की जा रही है। इसके बाद घर-घर जाकर वैक्सीन लगाई जाएगी।

वैक्सीन की कमी नहीं

डॉ. तरुण गुप्ता, टीकाकरण अधिकारी का कहना है कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार से कई सेंटर बनाए जा रहे हैं। लोगों दूसरे डोज के लिए आगे आना चाहिए। वैक्सीनेशन नियमित चले, इसकी तैयारियां चल रही हैं, वैक्सीन की भी कमी नहीं है।

Updated on:
08 Nov 2021 02:00 pm
Published on:
08 Nov 2021 02:00 pm