हॉकी में अर्जेंटीना से भारत की जीत में दिया खास योगदान
इटारसी. टोक्यो ओलिंपिक में MP के बेटे ने कमाल कर दिखाया। ओलिंपिक हॉकी में भारत ने अर्जेंटीना को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली जिसमें होशंगाबाद जिले के इटारसी के विवेक सागर का खास योगदान रहा। विवेक सागर ने ओलिंपिक में अर्जेंटीना के खिलाफ एक खूबसूरत गोल दागा जिससे भारत 3-1 से जीता। विवेक के ओलिंपिक में गोल दागते ही इटारसी में लोगों ने खूब जश्न मनाया।
टोक्यो ओलिंपिक में गुरुवार का दिन विवेक सागर के नाम रहा। अर्जेंटीना से मुकाबले में भारतीय हॉकी टीम को हर हाल में जीत की दरकार थी और विवेक ने अपने शानदार प्रदर्शन से जिले—प्रदेश को गौरवान्वित कर दिया। टोक्यो ओलिंपिक में सुबह 6 बजे से जैसे ही अर्जेंटीना और भारत के बीच मुकाबला शुरू हुआ, भारतीय टीम ने दबदबा बनाकर 3 गोल कर दिए। विवेक सागर ने भारतीय टीम की ओर से गोल दागकर देश की जीत सुनिश्चित कर दी।
जिलेभर के खेल प्रेमियों ने विवेक के प्रदर्शन पर बहुत खुशी जाहिर की है। हॉकी संघ के अध्यक्ष प्रशांत जैन, सचिव कन्हैया गुरयानी समेत सभी हॉकी प्रेमियों ने इसे अविष्मरणीय पल बताया है। ज्ञातव्य है कि ओलिंपिक में हाॅकी टीम में मप्र का प्रतिनिधित्व करनेवाले सागर का ओलिंपिक में यह पहला गोल है। इस जीत के साथ ही क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की हो जाने से सागर के लिए यह यादगार पल बन गया है।
विवेक सागर प्रसाद ने ओलिंपिक तक का यह सफर इटारसी के पास के छोटे से गांव चांदौन से शुरू किया। उन्होंने अनेक नेशनल और इंटरनेशनल लेबल की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और लगातार अच्छे प्रदर्शन के बल पर भारतीय टीम में अपना स्थान बनाया था। अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) द्वारा भी 2019 के लिए विवेक सागर को राइजिंग स्टार ऑफ द ईयर चुना गया था।