जबलपुर

घर के भीतर मां पिता के बीच सो रही दो साल की बच्ची का अपहरण, पूरे गांव में हडक़ंप

घर के भीतर मां पिता के बीच सो रही दो साल की बच्ची का अपहरण, पूरे गांव में हडक़ंप  

2 min read
Sep 18, 2020
girl kidnapped

जबलपुर। माता-पिता के पास सो रही दो वर्षीय मासूम का संदिग्ध हालत में अपहरण हो गया। घटना शहपुरा थानांतर्गत बिलपठार गांव की है। बुधवार देर रात तीन से चार बजे के बीच गायब हुई मासूम की जानकारी मिलते ही पुलिस सकते में आ गई। मौके पर एसपी, एएसपी, एफएसएल, डॉग स्क्वॉड, क्राइम ब्रांच, फिंगर प्रिंट सायबर सेल की टीम पहुंची। एसपी ने बच्ची के बारे में सूचना देने वालों को दस हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है। खुलासे के लिए दो टीमें गठित की गई हैं।

शहपुरा के बिलपठार में देर रात की घटना
माता-पिता के पास सो रही दो साल की बच्ची गायब, पुलिस टीम कर रही जांच

शहपुरा पुलिस के अनुसार बिलपठार गांव निवासी रूपलाल चौधरी की साइकिल सुधारने की दुकान है। बुधवार को वह पत्नी लक्ष्मी बाई और दो वर्षीय बेटी हिमांशी के साथ खाना खाकर सो गया था। रात तीन से चार बजे के बीच में उसकी बेटी संदिग्ध हालत में गायब हो गई। रूपलाल चौधरी के मुताबिक तडक़े चार बजे उसकी नींद टूटी तो बेटी हिमांशी गायब मिली। उसने पत्नी को जगाया। आसपास तलाश करने के बाद शोर मचाया तो गांव वाले भी खोजबीन में जुट गए। तुरंत डायल-100 को सूचना दी गई।

सुबह अधिकारियों तक खबर पहुंची तो हडक़म्प मच गया। पुलिस मासूम की तलाश में जुटी है। गांव में एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा, एएसपी शिवेश सिंह बघेल, एएसपी क्राइम गोपाल खंडेल पहुंचे थे। रूपलाल की छह वर्षीय बेटी दादी के साथ तिलहरी में रहती है। बुधवार को रूपलाल पत्नी और हिमांशी के साथ तिलहरी आया था। यहां से बाद में तीनों साइकिल से घर लौट गए थे। पुलिस हर एंगल की जांच में जुटी है। पुलिस के अनुसार परिवार की खस्ता आर्थिक हालत देखते हुए फिरौती के लिए अगवा होने की बेहद कम सम्भावना है। परिवार की किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं है। ऐसे में रंजिश में वारदात को अंजाम देने की बात भी खारिज हो जाती है। तीसरा एंगल परिवार और नजदीकी लोगों पर है, जिस पर पुलिस ने अपना ध्यान केंद्रित कर रखा है। वारदात स्थल से डॉग स्क्वॉड नर्मदा के रेलवे पुल तक गया और फिर लौट आया।


एएसपी ग्रामीण और क्राइम की अगुवाई में दो टीमों को हिमांशी की तलाश में लगाया है। मासूम सुरक्षित मिल सके, इसके लिए हर एंगल और बारीकी का ख्याल रखा जा रहा है।
- सिद्धार्थ बहुगुणा, एसपी

Published on:
18 Sept 2020 10:56 am
Also Read
View All