
जबलपुर। पश्चिमी विक्षोभ के असर से रविवार को शहर के मौसम के मिजाज में बदलाव आया। हालांकि अरब सागर की ओर से आ रही नमी भरी हवा से भोर में सर्दी का अहसास बना रहा। पारे में सोमवार को भी मामूली वृद्धि दर्ज होने की सम्भावना है। उसके बाद पारे की चाल पलट जाएगी। पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होते ही न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि गणतंत्र दिवस पर ठंड का असर रहेगा। हालांकि शाम होते ही ठंड का जबरदस्त एहसास हो रहा है। रात को सर्द हवाओं के चलते तापमान नीचे आ रहा है।
अधारताल स्थित मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड हुआ। शनिवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री रेकॉर्ड हुए। आद्र्रता सुबह के समय 65 और शाम को 38 प्रतिशत दर्ज हुई।
पंजाब-हरियाणा के ऊपर एक चक्रवात बना हुआ है। एक चक्रवात मध्य महाराष्ट्र के ऊपर स्थित है। ये मौसम के शहर को प्रभावित कर रहे हैं। तापमान में वृद्धि हो रही है। पश्चिमी विक्षोभ का असर रविवार को शहर से समाप्त होने का अनुमान है। उसके बाद 25 जनवरी से दो-तीन दिन तक तापमान में कुछ गिरावट आने की सम्भावना है।