
जबलपुर। जिले में पदस्थ 23 वर्षीय महिला आरक्षक के साथ गुरुवार को बलात्कार का मामला सामने आया। महिला आरक्षक के साथ आरोपी 15 वर्ष की नाबालिग उम्र से बलात्कार कर रहा था। यहां तक कि आरोपी ने महिला आरक्षक के फोन-पे पासवर्ड का दुरुपोग करते हुए उसके खाते से 2.50 लाख रुपए भी अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बलात्कार सहित पॉक्सो एक्ट का प्रकरण दर्ज कर लिया।
पुलिस के अनुसार महिला आरक्षक यूपी बार्डर से लगे जिले की मूलत: रहने वाली है। आरोपी उसके गांव का है। आरोपी की भतीजी महिला आरक्षक के साथ पढ़ती थी। वर्ष 2012 से आरोपी और महिला आरक्षक के बीच मोबाइल पर बात होने लगी। तब महिला आरक्षक की उम्र 15 वर्ष थी। उसी दौरान आरोपी ने उसके साथ बलात्कार किया। कॉलेज में पढ़ाई के दौरान गृह जिले में, पुलिस ट्रेनिंग के दौरान इंदौर में और अब तैनाती के दौरान उसके रूम में पहुंच कर बलात्कार करता रहा।
उधर, महिला को आपत्तिजनक ई-मेल भेजने वाला गिरफ्तार
केंट क्षेत्र निवासी हाइप्रोफाइल परिवार की महिला को आपतिजनक ई-मेल भेजने वाले आरोपी को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। पीडि़त महिला और प्राइवेट कम्पनी में जॉब करने वाले उसके पति ने पिछले दिनों एसपी, आईजी, महिला आयोग, पुलिस महानिदेशक, सीएम हेल्पलाइन में गिरफ्तारी न करने को लेकर शिकायत की थी। केंट टीआई विजय तिवारी ने बताया कि सायबर सेल की जांच में आरोपी अक्षत सिंह का नाम सामने आया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया। आरोपी एक रिटायर्ड पुलिस अधिकारी के परिवार का है।