
जबलपुर। आमतौर पर एयरपोर्ट की व्यवस्थाएं बेहद चाक चौबंद होती है। उसके परिसर के आसपास सामान्य आदमी के लिए पहुंचना भी मुश्किल होता है। लेकिन एक एयरपोर्ट ऐसा भी है जिसके परिसर के बीच आम रास्ता ही गुजरता है। एयरपोर्ट में जहां एक ओर विमानों की आवाजाही होती है वहीं दूसरी ओर इस मार्ग से वाहन सरपट दौड़ते है। दो गांव के लोग दिन-रात आवाजाही कर रहे हैं। इससे एयरपोर्ट और यहां लैंड होने वाले विमानों की सुरक्षा संकट में है। न्यायालय के निर्देश के बाद भी एयरपोर्ट अथॉरिटी वर्षों बाद भी इस आम रास्ते का वैकल्पिक मार्ग तैयार नहीं कर पाया है।
35 पुलिस कर्मियों की तैनाती
डुमना एयरपोर्ट से ककरतला सहित दो गांव लगे हुए हैं। लगभग ३०० घरों की आबादी वाले दोनों गांवों के लोग एयरपोर्ट परिसर के रास्ते ही आवागमन करते हैं। ग्रामीणों की आड़ में कोई भी एयरपोर्ट की सुरक्षा में सेंध लगा सकता है। एयरपोर्ट परिसर की सुरक्षा के लिए ३५ पुलिस कर्मियों की अलग-अलग शिफ्ट में तैनाती की जाती है। लेकिन, खतरे के कारण को दूर करने के लिए चार किमी लम्बी सड़क दो साल बाद भी नहीं बन सकी है। जबकि एयरपोर्ट से रोजाना तीन विमान कम्पनियों एयर इंडिया , स्पाइस जेट व जूम की पांच फ्लाइटों का संचालन होता है। इनमें औसतन 600 से 700 लोग प्रतिदिन सफर करते हैं।
ग्रामीणों के लिए ये रोड है प्रस्तावित
एयरपोर्ट की सुरक्षा को देखते हुए तीन साल पहले गधेरी से ककरतला के लिए चार किमी की नई सड़क बनाने की कवायद शुरू की गई थी। इसमें तीन किमी डामर की और एक किमी कंक्रीट की बननी है। सूत्रों की मानें तो साल भर से काम कर रही ठेका एजेंसी ने पेमेंट न होने के चलते काम रोक दिया है। जबकि इस सड़क को समय पर पूरा करने के लिए हाईकोर्ट तक से निर्देश जारी हो चुके हैं। एयरपोर्ट प्रबंधन भी निगम प्रशासन को कई पत्र लिख चुका है।
इसलिए एयरपोर्ट की सुरक्षा है महत्वपूर्ण
एयरपोर्ट सैन्य दृष्टिकोण से भी संवेदनशील है
आयुध निर्माणियों को देखते हुए काफी महत्वपूर्ण है
महाकौशल सहित रीवा, शहडोल आदि आने वाले वीआईपी के विशेष विमान भी यहीं लैंड होते हैं।
देश के मध्य में होने से सामरिक दृष्टिकोण से भी काफी महत्वपूर्ण है
सुरक्षा को लेकर पहले से सौतेलापन
इंदौर सीआईएसएफ
जवान तैनात : 240
डायरेक्ट कनेक्शन : 12
एयरलाइंस : इंडिगो, जेट एयरवेज, एयर इंडिया
भोपाल : सीआईएसएफ
जवान : 184
एयरलाइंस : एयर इंडिया, जेट एयरवेज
ग्वालियर : सीआईएसएफ
जवान : 60
डायरेक्ट फ्लाइट : 01
एयरलाइंस : एयर इंडिया
जबलपुर : जिला पुलिस
जवान : 35
डायरेक्ट फ्लाइट : 07
एयर इंडिया, स्पाइसजेट, जूम