
जबलपुर। फागुन के आते ही जबलपुर में धूप तेज होने लगी है। सूर्योदय के कुछ देर बाद ही फागुनी बयार की जगह हवा गर्म हो रही है। दोपहर में गर्मी महसूस होने लगी है। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कमजोर होने से पारा लगातार चढ़ रहा है। पांच दिन में लगभग चार डिग्री उछल चुका है। रविवार को तापमान सामान्य से पांच डिग्री ऊपर चला गया। इससे दिन के समय धूप की हल्की तपिश का अहसास हो रहा है। फरवरी के जाते ही मौसम अप्रैल जैसी गर्मी का अहसास करा रहा है। पिछले साल की फरवरी के आखिरी दिनों के मुकाबले इस वर्ष तापमान पांच से आठ डिग्री तक बढ़े हुए हैं।
तिथि : 2020 में तापमान : 2021 में तापमान
फरवरी : अधिकतम-न्यूनतम : अधिकतम-न्यूनतम तापमान
25 : 26.8-14.8 : 34.0-16.0
26 : 28.1-12.6 : 33.2-16.5
27 : 28.8-13.0 : 34.6-17.6
28 : 30.3-13.9 : 35.0-17.6
अधारताल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री था। अधिकतम तापमान में वृद्धि रविवार को भी हुई। यह 0.4 डिग्री बढ़कर 35 डिग्री हो गया। सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा बना रहा। न्यूनतम तापमान स्थिर रहा। यह 17.6 डिग्री रेकॉर्ड हुआ। सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा बना रहा। आद्र्रता सुबह के समय 56 और शाम को 22 प्रतिशत थी। मौसम विज्ञान केंद्र में वैज्ञानिक सहायक देवेंद्र कुमार तिवारी के अनुसार रविवार को दो किमी प्रतिघंटा की औसत से पश्चिमी हवा चली। सोमवार को मौसम मुख्यत: शुष्क बने रहने की सम्भावना है। पश्चिमी हवा के कारण मौसम में धीरे-धीरे गर्मी बढ़ रही है।