
जबलपुर। कांग्रेसियों को आपसी वैर-भाव और द्वेष भुलाकर एक होने का सबक देने आए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के संगत में पंगत कार्यक्रम के बाद रविवार को युवक कांग्रेस ने सिविक सेंटर से एक बड़ा जुलूस निकाला। जमकर नारेबाजी की। जुलूस के घंटाघर पहुंचते ही जब स्थिति बिगड़ गई जब कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा की केन्द्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारे लगाने शुरू किए और पुलिस का सुरक्षा घेरा तोडऩे का प्रयास किया। हालात नियंत्रण से बाहर होते देख पुलिस ने प्रदर्शनकर्ताओं पर आंसू गैस के गोले छोड़े और पानी की बौछार से उन्हें तितर-बितर करने का प्रयास किया। करीब आधे घंटे तक गहमा गहमी का माहौल रहा। इसके बाद प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया।
रैली में निकले कार्यकर्ता
युवक कांग्रेस का भारत बचाओ जेल भरो आंदोलन सिविक सेंटर में आयोजित था। मदन महल स्थित दद्दा परिसर में सभा के उपरांत कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता भी सिविक सेंटर पहुंच गए। यहां से जुलूस कलेक्ट्रेट की ओर रवाना हुआ। जुलूस में युवा जैसे ही घंटाघर के पास पहुंचे, पुलिस ने बेरिकेट लगाकर उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। इसी दौरान कार्यकर्ता केन्द्र की भाजपा सरकार व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन करने लगे। हालातों को गरमाते देख, पुलिस ने वॉटर केनन से प्रदर्शनकारियों पर पानी की बौछार शुरू कर दी। इसके बावजूद जब कार्यकर्ता शांत होते नहीं दिखे तो आंसू गैस के गोले छोड़कर उन्हें तितर बितर किया गया।
सैकड़ों कार्यकर्ता गिरफ्तार
प्रदर्शन के दौरान घंटाघर व आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने अंत में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी देने वालों में पार्षद जितिन राज, रोहित अग्रवाल, अमरीश मिश्रा समेत सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे। गिरफ्तारी देने वाले कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि केन्द्र की भाजपा सरकार और प्रदेश की शिवराज सिंह सरकार ने युवाओं के साथ वादाखिलाफी की है। भाजपाई केवल घोषणा वीर हैं। बड़ी-बड़ी घोषणाएं करते हैं, लेकिन वे हकीकत के धरातल पर आती नहीं नजर आतीं। ऐसी वादाखिलाफ सरकार को आगामी चुनाव में जनता सबक सिखाएगी।
इधर हुई ये बात
इससे पूर्व दद्दा परिसर पर आयोजित संगत में पंगत कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने संबोधित किया। कांग्रेसजनों से एकजुटता की अपील की। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने आरोप लगाया कि पूरे मीडिया में एक ही प्रचार किया जाता है। वह भाजपा से प्रेरित होता है और वह यह कि कांग्रेस में एका नहीं है। ऐसा माहौल बनाया जा रहा है कि पूरी पार्टी अलग-अलग धड़ों में बंटी हुई है। और कई भागों में बंटी पार्टी चुनाव नहीं जीत सकती। इस धारणा को कार्यकर्ता ही बदल सकते हैं। कांग्रेस नेता ने इसके बाद सभी विधानसभाओं से आए कार्यकर्ताओं से अलग-अलग मुलाकात की। इस दौरान रामेश्वर नीखरा, विधायक नीलेश अवस्थी, पूर्व विधायक लखन घनघोरिया, कांग्रेस नगर अध्यक्ष दिनेश यादव सहित कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।