नगर निगम चुनाव 2021 पर कांग्रेस का बड़ा निर्णय, इनको नेताओं को देगी पार्षद का टिकट: देखें वीडियो
जबलपुर/ नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस की तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को जिला चयन समिति की पहली बैठक हुई जिसमे पार्षद और महापौर प्रत्याशी के चयन को लेकर मंथन हुआ। बैठक में तय किया कि सभी को मिलकर चुनाव लडऩा है। इस बात पर भी विचार किया गया कि जिन वार्डों में अभी कांग्रेस पार्षद हैं और आरक्षण प्रक्रिया के बाद भी वे चुनाव लडऩे की पात्रता रखते हैं तो उनकी छवि जानने वार्ड के वरिष्ठजन व क्षेत्र की जनता से रायशुमारी की जाएगी।
कांग्रेस की जिला चयन समिति की बैठक, रायशुमारी के बाद ही देंगे टिकट
जिला चयन समिति की प्रभारी व विधानसभा की पूर्व उपाध्यक्ष हिना कांवरे और सह प्रभारी पूर्व विधायक सविता दीवान की मौजूदगी में हुई बैठक में चयन प्रक्रिया की गाइडलाइन तय की गई। इसमें प्रत्याशी चयन प्रक्रिया को सरल बनाने सक्रिय नेता एवं कार्यकर्ताओं की सूची तैयार करने का निर्णय लिया गया। तेरा-मेरा छोड़ कर जीतने वाले प्रत्याशी को चिन्हित करें।
बैठक में बताया गया कि आरक्षण में 50 फीसदी वार्ड महिलाओं के लिए है। ऐसे में इन वार्डों में उन कांग्रेस नेत्रियों को प्राथमिकता दें जो आरक्षित वार्डों की पात्रता रखती हो। यदि नेत्रियां नहीं है तो है कांग्रेस परिवार से महिलाओं को प्रत्याशी बनाया जाए। सभी वार्डों के लिए प्रत्याशी चयन मेंं युवाओं को प्राथमिकता दी जाए। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दिनेश यादव ने बताया कि बैठक में पूर्व मंत्री एवं विधायक लखन घनघोरिया एवं तरुण भनोत के अलावा विधायक संजय यादव, विधायक विनय सक्सेना, ग्रामीण अध्यक्ष राधेश्याम चौबे, सेवादल अध्यक्ष सतीश तिवारी, आलोक मिश्रा, सम्मति सैनी, शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष रेखा जैन, नेता प्रतिपक्ष राजेश सोनकर, युवक कांग्रेस शहर व ग्रामीण द्वय अध्यक्ष जितिन राज, पारस जैन, एनएसयूआई अध्यक्ष विजय रजक उपस्थित रहे। यादव ने बताया कि राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा छत्तीसगढ़ के दौरे के कारण बैठक में उपस्थित नहीं हो सके।