
जबलपुर। प्रदेश में बढ़ती महंगाई, महिलाओं के साथ दुष्कर्म और ज्यादती की घटनाओं के विरोध में पूर्व विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को मशाल जुलूस निकाला। पूर्व विधायक लखन घनघोरिया के साथ कार्यकर्ता गोपाल होटल होते हुए शीतलामाई क्षेत्र पहुंचे। यहां पर सभा आयोजित की गई। इसमें वक्ताओं ने प्रदेश में बढ़ रहे अपराधों के लिए प्रदेश सरकार की ढुलमुल नीतियों को दोषी ठहराया।
सरकार के खिलाफ नारे
विरोध प्रदर्शन कर रहा हर कार्यकर्ता हाथों में जलती हुई मसाल थामे हुए था। सभी प्रदेश सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए चल रहे थे। तख्तियों में लिखे संदेश यही इशारा कर रहे थे कि प्रदेश में भाजपा के राज में काई भी सुरक्षित नहीं हैं। नशे का कारोबार बढ़ रहा है। महिलाओं से संबंधित अपराध चरम पर हैं। सड़क तो दूर घर पर भी महिलाएं सुरक्षित नहीं रह गई हैं।
कानून व्यस्था पर चोट
पूर्व विधायक घनघोरिया ने सभा में कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की चीज नहीं रही। लूटपाट और दुष्कर्म जैसी घटनाएं अब आम हो गई हैं। सरकार का पेट्रोल और डीजल के दामों पर कोई नियंत्रण नहीं है। हर चीज महंगी है। इससे गरीब जनता परेशान हो रही है। उनका आरोप था कि सत्ताधारी दल के नेताओं के इशारे पर गैर राजनीतिक दल एवं विपक्षी राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं को पुलिस प्रताडि़त कर रही है। अधिकारी सत्ता के हाथों की कठपुतली बने हुए हैं। इस सरकार को अब बदला जाना चाहिए।
ये रहे शामिल
सभा में अन्य वक्ताओं ने भी केन्द्र व प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार किए। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार के आने के बाद महंगाई चरम पर पहुंच गई है। सामान्य व्यक्ति के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है। अपराध बढ़ रहे हैं, वहीं पुलिस और प्रशासन केवल मुंह देखकर कार्रवाई कर रहा है। इससे अपराधियों के हौसले बढ़े हुए हैं और आम नागरिक भयभीत हैं। मशाल जुलूस व प्रदर्शन में डॉ रमाकांत रावत, जितेन्द्र ठाकुर, संजय साहू, गुलाम हुसैन, राजू लाइक, इस्तियाक अंसारी, मुन्ना बेन, सागर शुक्ला, संजय अहिरवार, मुरलीधर राव सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।