
बरगी बांध का गेट खुलने से जबलपुर में नर्मदा उफना रही है- image credit- patrika
Jabalpur : जबलपुर में करीब 15 लोगों से भरी मोटरबोट उफनाती नर्मदा में पलट गई। बरगी बांध का पानी छोड़ने से जलस्तर बढ़ने और इंजन फेल हो जाने से यह हादसा हुआ। हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई। स्थानीय नाविकों ने मोटरबोट पर सवार सभी लोगों को बचा लिया। नर्मदा में होमगार्ड की गश्त करने वाली नौका में प्रशिक्षु सवार थे। गनीमत रही कि सभी लोग लाइफ जैकेट पहने हुए थे। नाविकों के सहयोग से सभी लोग सुरक्षित बाहर आ गए। पुलिस ने घटना की तस्दीक करते हुए बताया कि नाव का इंजन फेल होने से हादसा हुआ। सभी सवारों को बचा लिया गया है।
बरगी डैम से पानी छोड़े जाने के कारण नर्मदा में जलस्तर बढ़ा हुआ है। ऐसे में गौरीघाट के नर्मदा तट पर श्रृद्धालुओं पर निगरानी रखने के लिए होमगार्ड के द्वारा लगाई गई नौका शुक्रवार को अचानक फेल हो गई। नाव में नर्मदा में गश्त करनेवाली टीम सवार थी। नाव को बहता देखकर मौजूद नाविकों ने उसे जैसे-तैसे किनारे लगाया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि होमगार्ड की इस नाव में कम से कम 15 लोग सवार थे। सूत्रों ने बताया कि होमगार्ड से प्रशिक्षु आए हुए थे। इन प्रशिक्षुओं को लाइफजैकेट के साथ नौका में बिठाया गया था। वे घाट के किनारे गश्त कर रहे थे। मोटर से चलने वाली इस नौका का इंजन अचानक तेज बहाव के दौरान बंद हो गया।
इंजन बंद होते ही नौका पानी में बहने लगी। इससे नाव में सवार लोगों को पानी में कूदने के अलावा और कोई विकल्प नहीं था। मदद के लिए उन्होंने घाट किनारे के नाविकों को पुकारा। प्रशिक्षुओं की गुहार सुनते ही तीन-चार नाविक अपनी नाव लेकर आगे बढ़े और होमगार्ड की नौका में सवार प्रशिक्षुओं को अपनी नाव में बिठाया। नाविकों ने रस्सी से होमगार्ड की नाव को बांधकर बमुश्किल किनारे पर लाए।
ग्वारीघाट पुलिस का कहना है कि नाव का इंजन फेल हो गया था। उसे किनारे लाया गया है। क्षेत्रीय नाविकों के सहयोग से सभी सवारों को बचा लिया गया।
Updated on:
04 Sept 2026 06:06 pm
Published on:
04 Sept 2026 06:04 pm
