
raksha bandhan sister donates kidney to brother, अस्पताल में भाई के साथ बहन राखी (Source- Patrika)
Jabalpur Sister Donates Kidney to Brother: रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का पर्व है और इस दिन भाई बहन से राखी बंधवाकर उसकी सुरक्षा का वादा करता है, लेकिन जबलपुर में एक बहन ने इस रक्षाबंधन पर अपने भाई को नई जिंदगी की सौगात दी। जबलपुर की राखी गुप्ता (यदु) ने छोटे भाई सोनू यदु को किडनी दान कर इस रिश्ते की अनूठी मिसाल पेश की है। उन्होंने न केवल भाई को नया जीवन दिया, बल्कि उसके स्वस्थ होने तक नागपुर में रहकर देखभाल करने का फैसला किया है।
बहन राखी ने बताया कि सोनू पिछले 7 साल से किडनी बीमारी से जूझ रहे थे और करीब 4 साल से डायलिसिस चल रहा था। पति के निधन के बाद राखी मायके में भाई-भाभी के साथ रहने लगी थीं। भाई को तकलीफ में देखकर उन्होंने किडनी दान करने का फैसला लिया और भाई को किडनी देकर उसे नई जिंदगी दी। बहन राखी ने बताया कि भाई सोनू के दो छोटे बच्चे भी हैं।
10 अगस्त को नागपुर के केयर अस्पताल में दोनों का सफल किडनी ट्रांसप्लांट हुआ। डॉक्टरों ने बुधवार को सोनू के टांके काटे। राखी ने कहा, भाई हमेशा बहन को उपहार देते हैं, लेकिन इस रक्षाबंधन पर मैंने भाई व परिवार को अनमोल तोहफा दिया है। वो भाई की सेवा करने के लिए उसके साथ नागपुर में ही हैं। राखी के भाई को किडनी देकर नई जिंदगी देने के इस फैसले की हर कोई तारीफ कर रहा है और लोग इसे भाई-बहन के प्रेम की मिसाल बता रहे हैं।
Updated on:
29 Aug 2026 09:39 pm
Published on:
29 Aug 2026 09:39 pm
