-जबलपुर में चुनाव से पहले कांग्रेस से सौरभ शर्मा को मिला नगर अध्यक्ष का पद
जबलपुर। महाकोशल के केंद्रबिंदु जबलपुर सीट से कांग्रेस ने ओबीसी दांव चला है। पार्टी ने पूर्व नगर अध्यक्ष दिनेश यादव को प्रत्याशी घोषित किया है। उनका मुकाबला भाजपा के आशीष दुबे से होगा। वे एक पखवाड़े पहले उम्मीदवार घोषित हो चुके हैं। दिनेश को टिकट की घोषणा से पहले ही इशारा मिल चुका था। लिहाजा शनिवार को बड़ी बैठक कर कांग्रेस में एकजुटता प्रदर्शित करने की कोशिश की। उधर, पार्टी ने दो माह से खाली नगर अध्यक्ष पद पर सौरभ शर्मा को नियुक्त कर दिया। जबकि, भाजपा 27 मार्च को नामांकन के आखिरी दिन शक्ति प्रदर्शन की तैयारी कर रही है। प्रत्याशी आशीष दुबे का पर्चा दाखिल कराने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जबलपुर आएंगे।
जबलपुर सीट का लोकसभा चुनाव पहले चरण में है। अवकाश होने के कारण शनिवार को नामांकन पत्र दाखिल नहीं हुए। अगले दो दिन रविवार और सोमवार को भी ब्रेक रहेगा। इसलिए पर्चा दाखिल करने की मंगलवार और बुधवार को होड़ रहेगी। शनिवार का दिन सियासी हलचल के नाम रहा। विधानसभा चुनाव की करारी हार और मेयर जगत बहादुर सिंह अन्नू के पार्टी छोडऩे के बाद से बैकफुट पर दिख रही कांग्रेस ने चुनावी हुंकार भरने की तैयारी करते हुए बड़ी बैठक के जरिए एकजुटता दिखाने की कोशिश की। शहर के एक गार्डन में हुई बैठक में पार्टी के पुराने और नए चेहरे अर्से बाद एक मंच पर आए। ताकत से चुनाव लडऩे का संकल्प लिया। रात में पार्टी ने दिनेश यादव के नाम का ऐलान कर दिया। भाजपा ने अपनी चुनावी तैयारी की निरंतरता को बरकरार रखते हुए पार्षदों में जोश भरा।
वर्ग विशेष को साधने की कोशिश
प्रत्याशी चयन को लेकर सतर्क कांग्रेस अपने पुराने कार्यकर्ता दिनेश यादव के जरिए ओबीसी वोटरों को साधने की कोशिश की है। उनके नाम को लेकर लम्बे समय से कयास लगाए जा रहे थे। शनिवार को जिस तरह से उन्होंने आगे बढकऱ कांग्रेस के खांटी नेताओं को एक मंच पर लाकर खड़ा कर दिया। उससे कई मायने निकल रहे थे और रात होते तक उनके नाम पर पार्टी ने मुहर भी लगा दी। हालांकि, तीन पूर्व विधायक तरुण भनोत, संजय यादव और विनय सक्सेना नजर नहीं आए। जिले के एकमात्र विधायक लखन घनघोरिया पूरे समय मौजूद रहे।
सौरव को संगठन की कमान
महापौर और नगर अध्यक्ष अन्नू के कांगे्रस छोडऩे के बाद से नए अध्यक्ष को लेकर चल रही खींचतान भी पार्टी ने शनिवार को खत्म कर दी। पार्टी के प्रदेश महासचिव सौरभ नाटी शर्मा को संगठन की कमान सौंपी गई है। शाम को उनकी नियुक्ति के आदेश जारी हुए। आक्रामक तेवरों वाले शर्मा को चुनाव के ऐनवक्त पर मिली बड़ी जिम्मेदारी से पार्टी के रुख का संकेत भी मिलता है।
भाजपा दिखाएगी ताकत
एक पखवाड़े पहले ही प्रत्याशी के तौर पर आशीष दुबे के नाम का ऐलान कर प्रचार अभियान में बढ़त बनाती दिख रही भाजपा अब नामांकन के बहाने ताकत दिखाने की तैयारी कर रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार दुबे नामांकन के आखिरी दिन 27 मार्च को पर्चा दाखिल करेंगे। इस मौके को बड़े इवेंट में तब्दील करने के लिए पार्टी ने बड़ी तैयारी की है। इसमें मुख्यमंत्री डॉ यादव सहित कई अन्य बड़े नेता शामिल होकर कार्यकर्ताओं में उत्साह भरेंगे।