जबलपुर

अजब है… पुलिस कर्मियों पर ही टूट पड़े बदमाश, मची अफरा-तफरी

बेलबाग थानांतर्गत बाई का बगीचा में घटना
2 min read
• •
Updated: 22 Nov 2018, 9:38 PM IST
criminals attacked on police
बेलबाग थानांतर्गत बाई का बगीचा में घटना

जबलपुर। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे वर्दीधारियों से भी टकराने में संकोच नहीं करते। ऐसा ही एक मामला बेलबाग थाना क्षेत्र में सामने आया है। यहां एक आरोपी के पक्ष में आए कुछ लोगों ने पुलिस कर्मियों के साथ ही झूमाझटकी और मारपीट की। पुलिस ने कुछ आरोपितों को तत्काल गिरफ्तार कर लिया। कुछ मौके से भाग निकले। गुरुवार को उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया।

सूचना पर पहुंची थी पुलिस
बेलबाग थाना पुलिस के अनुसार शाम करीब 6 बजे के लगभग थाने में बाई का बगीचा में मारपीट की सूचना आयी थी। थाने के आरक्षक रोहित व संदीप मौके पर पहुंचे। वहां विवाद कर रहे पलक उर्फ विशाल सिंह जाट को पकड़ कर थाने ला रहे थे। कंजड़ मोहल्ले में जैसे ही विशाल घर के पास पहुंचा वह वाहन से कूद गया। शोर मचाकर उसने घरवाले और रिश्तेदारों को बुला लिया। सभी मिलकर दोनों आरक्षकों से झूमाझटकी करने लगे। आरक्षकों ने थाने को विवाद की सूचना दी। जिसके बाद थाने का बल और पुलिस कंट्रोल रूम से अतिरिक्त बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने विशाल और वीरेंद्र सिंह जाट को गिरफ्तार कर लिया। जबकि अन्य फरार हो गए।

इससे पहले यहां हो चुका विवाद
- ग्वारीघाट में प्रतिमा विसर्जन के दौरान
- मदनमहल में वारंटी की गिरफ्तारी के दौरान
- गढ़ा में ट्रैफिक जवान पर ऑटो चैकिंग के दौरान
- गौर चौकी में पदस्थ पुलिस पर जुआ रेड के दौरान
- बेलबाग में भाजपा-कांग्रेस समर्थकों के बीच हुए विवाद के दौरान

मोहल्ले में मिला जिला बदर का आरोपी
गढ़ा पुलिस ने जिलाबदर के आरोपित को बुधवार रात घर के पास से दबोच लिया। पुलिस के अनुसार जोशी मोहल्ला पुरवा गढ़ा निवासी अंकित उर्फ बड्डू पटेल को जिला दंडाधिकारी ने पांच अक्टूबर 2018 को एक साल के लिए जिलाबदर किया था। बुधवार रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बड्डू घर पर मौजूद है। वह यहां बेखौफ घूम रहा है। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 188 और 14 मप्र राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।

Published on: