बादलों ने फिर बढ़ाई चिंता, उत्तरी हुई हवा, सुबह-शाम हो रही सिहरन
जबलपुर। हवा का रुख बदलते ही मौसम ने फिर करवट ले ली है। पहाड़ी राज्यों से सर्द हवा के आने के साथ पारे की चाल पलट गई है। इस महीने की शुरुआत से लगातार चढ़ रहा पारा शुक्रवार को नीचे आ गया। दक्षिण-पूर्व की जगह शुक्रवार को उत्तर-पूर्वी हवा चली। उत्तर से आयी हवा ने मौसम में ठंडक घोली। हल्के बादलों के कारण दोपहर में धूप कमजोर रही। सुबह और दोपहर के तापमान के बीच ज्यादा अंतर होने से रात में ज्यादा सर्दी महसूस हुई। दिन में तेज गति से चली सर्द हवा से सिहरन बनी रही।
बादलों के चलते धूप में भी नरमी
चार किमी प्रतिघंटा की गति से चली सर्द हवा
मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री था। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री रेकॉर्ड हुआ। न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री दर्ज हुआ। दोनों स्तर पर तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा बना रहा। आद्र्रता सुबह के समय 49 और शाम को 46 प्रतिशत थी। उत्तर-पूर्वी हवा चार किमी प्रतिघंटा की औसत गति से चली।
मौसम विज्ञान केन्द्र में वैज्ञानिक सहायक देवेन्द्र कुमार तिवारी के अनुसार उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके कारण शुक्रवार को हल्के बादल बने रहे। शनिवार को आकाश साफ हो जाएगा। हवा की दिशा उत्तरी बनी हुई है। आने वाले दो-तीन दिन तक अभी तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी। फिर पारा चढ़ सकता है।