जबलपुर

Dhumavati jayanti 2018: ये प्रसिद्ध देवी खाती हैं समोसे और पहनी हैं मलिन वस्त्र, जानिए क्यों

महिलाओं के लिए इसलिए वर्जित है मां धूमावती का दर्शन
3 min read
• •
Updated: 19 Jun 2018, 8:06 PM IST
Dhumavati jayanti date and time
Dhumavati jayanti date and time

जबलपुर। अब तक आपने अनेक देवी-देवताओं और उनकी मान्यताओं के बारे में सुना होगा, लेकिन आज हम आपको ऐसी देवी के बारे में बता रहे हैं, जिनके रूप के पीछे अनोखी कहानी है। उनका रूप अन्य देवियों की तरह सुहागन और अति लुभावना नहीं, बल्कि डरावना और क्रूर है। यह विधवा स्वरूप में हैं और मलिन यानी मैली सफेद साड़ी धारण करती हैं। इन्हें भोग में यानी भोजन में तैल युक्त पदार्थ यानी कचौड़ी, मगौड़ी और समोसे आदि पसंद हैं। मान्यता है कि शुद्ध तैल से बने पदार्थ अर्पित करने पर ये मां अपने भक्तों की हर मुराद मां पूरी करती हैं। इनका पूजन सिर्फ विधवाएं ही कर सकती हैं, लेकिन सुहागिन स्त्रियोंं के लिए इनका दर्शन व पूजन वर्जित है। 21 जून को धूमावती जयंती है। इस दिन यहां मंदिर में भक्तों का तांता लगेगा। आइए आपको भी मां धूमावती के चमत्कारी प्रभावों से अवगत कराते हैं।


यहां लगता है भक्तों का मेला
जबलपुर में मां पीताम्बरा के दो मंदिर हैं। एक सिविक सेंटर स्थित मां बगलामुखी मंदिर में मां पीताम्बरा कल्याणी के स्वरूप में हैं। असुर का मर्दन करते हुए उनके स्वरूप के दर्शन के लिए यहां रोज भक्तों का तांता लगता है। इस मंदिर की स्थापना जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने कराई है। यहां हनुमानताल चार खंभा क्षेत्र में मां धूमावती का प्राचीन मंदि है। इतिहासकार राजकुमार गुप्ता के अनुसार चारखंबा स्थित मां धूमावती, बूढ़ी खेरमाई मंदिर की स्थापना कल्चुरिकाल में राजा कोकल्यदेव ने कराई थी। ऐसी मान्यता है कि यहां पूजन करने से मनोकामना पूर्ण होती है। यह स्थान सदियों से सनातन धर्मावलंबियों के आस्था का केन्द्र है। 1980 में इस मंदिर का जीर्णोद्धार कराया गया। यहां उपासना के लिए मंदिर में सैकड़ों की संख्या में भक्तपहुंचते हैं।

बाना की अजब महिमा
मां धूमावती बूढ़ी खेरमाई समिति के आनंद मोहन पाठक ने बताया कि इस प्राचीन मंदिर में शरीर पर बाना छेदने की परम्परा प्राचीन काल से चली आ रही है। बाना माता के प्रति अपनी आस्था प्रकट करने का प्रतीक है। बूढ़ी खेरमाई के जवारा विसर्जन जुलूस में प्रत्येक वर्ष 700 से 800 भक्त बाना छिदाकर अपनी आस्था प्रकट करते हैं। इनमें 3 साल के बच्चे से लेकर 50 साल के वयस्क व्यक्ति शामिल होते हैं। ऐसी मान्यता है कि माता का बाना छिदवाने से हर मुराद पूरी हो जाती है, यही वजह है कि शरीर पर बाना छेदने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा री है। यहां नवरात्र पर जवारों के घट भी मन्नतों के अनुसार बोए जाते हैं। मन्नत पूरी होने पर इसे सिर पर रखकर विसर्जन स्थल या सरोवर तक ले जाया जाता है।


पीठ के पूजन की परम्परा
ज्योतिषाचार्य पं. रामसंकोची गौतम के अनुसार मां धूमावती का स्वरूप वैधव्य यानी विधवा का स्वरूप माना जाता है। उनका वाहन कौआ है और स्वरूप बेहद विकराल व क्रूर है। देवी यूं तो हर स्वरूप में परमकल्याणी हैँ, लेकिन वैधव्य स्वरूप में महिलाओं के लिए उनका दर्शन वर्जित बताया गया है। महिलाएं केवल पीठ की तरफ से उनका पूजन और वंदन कर सकती हैं। इसे शक्ति की पीठ के आराधना से जोड़कर देखा जाता है। मां धूमावती का प्रताप है कि उनके दरबार पर की गई मनोकामना कभी अधूरी नहीं रहती। वे भक्तों को हर संकट से मुक्त कर देती हैं।

10 महाविद्याओं में एक
ज्योतिषाचार्य पं. जनार्दन शुक्ल के अनुसार मां शक्ति को दस महाविद्याओं के रूप में भी माना व पूजा जाता है। 10 महाविधाओं में मां धूमावती भी एक हैं। इनका स्वरूप उग्र है। वे वैधव्य रूप में हैं और उनका वाहन कौआ है। माता श्वेत मलिन वस्त्र धारण करती हैं और उनके केश खुले हुए हैं। पूजन में मां को शनिवार को काले कपड़े में काले तिल माता को भेंट किये जाते हैं। मंगलवार को भी मां का पूजन वंदन किया जा सकता है। धूमावती साधना तांत्रिक बाधाओं की काट मानी जाती है।

परशुराम की मूल शक्ति
ज्योतिषाचार्य पं. अखिलेश त्रिपाठी के अनुसार पौराणिक ग्रंथों वर्णित है कि ऋषि दुर्वासा, भृगु, परशुराम आदि की मूल शक्ति धूमावती ही हैं। सृष्टि कलह की देवी होने के कारण इनको कलहप्रिय भी कहा जाता है। चौमासा देवी का प्रमुख समय होता है जब देवी का पूजा पाठ किया जाता है जयंती पूरे देश भर में धूमधाम के साथ मनाई जाती है जो भक्तों के सभी कष्टों को मुक्त कर देने वाली है। मध्यप्रदेश के दतिया जिले में धूमावती माता का यह अपनी तरह का ही अनोखा मन्दिर है।

ऐसे करें पूजन
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार धूमावती जयंती के दिन प्रात: सूर्योदय से पहले स्नान करके मां धूमावती के श्रंगार पूर्व ही मंदिर में पहुंच जाना चाहिए। श्रंगार के पूर्व देवी को जल अर्पित करने और शहद से उनका स्नान कराने से अभीष्ट फल की प्राप्ति होती है। धूप, दीप आदि से पूजन के बाद मां को तैलीय और चटपटे पदार्थों का भोग अर्पित करना चाहिए। ऐसा करने पर सभी ग्रह दोष भी शांत हो जाते हैं।

Updated on:
19 Jun 2018, 8:06 PM IST
Published on: