Diwali festival : दीपावली से पहले नर्मदा के तट पर हजारों की संख्या में शहरवासी दीपोत्सव के साक्षी बने।
Diwali festival : जगमग-जगमग दीये जल उठे, नर्मदा का पावन तट गौरीघाट 51 हजार दीपों से आलाेकित हो गया। दीपावली से पहले रविवार को तट पर हजारों की संख्या में शहरवासी दीपोत्सव के साक्षी बने। आकर्षक लेजर शो, मनमोहक आतिशबाजी ने सबका मन मोह लिया।
संतों के पावन सान्निध्य में बड़ी संख्या में लोगों ने एक-एक दीप जलाकर संस्कारधानी के साथ प्रदेश व देश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके पूर्व संतजनों ने शंख नाद से दीपोत्सव का शुभारंभ किया। पुण्यसलिला मां रेवा की महाआरती की गई। इसके बाद सनातनी थीम पर लेजर शो का आयोजन हुआ।
इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि पांच दिवसीय दीपावली पर्व रोशनी, उत्साह और उल्लास का ही पर्व है। इसीलिए तीन वर्ष पूर्व मां के तट पर दीपोत्सव का आयोजन करने का निर्णय लिया और नगर वासियों ने इसमें भागीदारी कर इसे अधिक सफल बनाया।