6 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एमपी में ‘112 किमी.’ लंबी रिंग रोड से जुड़ेंगी 171 गांव की सड़कें, प्लान तैयार

MP News: निवेश क्षेत्र में शामिल 62 गांवों में 18 से 60 मीटर चौड़ी सड़कों का निर्माण प्रस्तावित है।

2 min read
Google source verification
Road Master Plan

Road Master Plan (Photo Source - Patrika)

MP News: भविष्य के शहरी विकास को ध्यान में रखते हुए तैयार किए जा रहे मास्टर प्लान में निवेश क्षेत्र का दायरा बड़े पैमाने पर बढ़ाया जा रहा है। नया निवेश क्षेत्र अब 412 वर्ग किलोमीटर तक विस्तारित होगा, जिसमें कुल 171 गांव शामिल किए गए हैं। यह विस्तार पुराने 245 वर्ग किलोमीटर निवेश क्षेत्र की तुलना में करीब 200 वर्ग किलोमीटर अधिक है। मास्टर प्लान में रोड कनेक्टिविटी को विशेष प्राथमिकता दी गई है।

इसके तहत लगभग 50 मेजर और सेक्टर सड़कों का नेटवर्क विकसित किया जाएगा। योजना के अनुसार, शहर के हर एक किलोमीटर पर मेजर या सेक्टर रोड उपलब्ध होगी, जिससे यातायात का दबाव संतुलित रहेगा और वैकल्पिक मार्ग भी मिलेंगे। ये सड़कें 112 किलोमीटर लंबी निर्माणाधीन रिंग रोड से सीधे जुड़ेंगी।

62 गांवों में चौड़ी सड़कों का निर्माण

निवेश क्षेत्र में शामिल 62 गांवों में 18 से 60 मीटर चौड़ी सड़कों का निर्माण प्रस्तावित है। इससे न केवल यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी, शहरी विकास को भी गति मिलेगी।

तेजी से बढ़ रही बसाहट

शहर का विस्तार अब पारंपरिक क्षेत्रों से आगे बढ़कर चारों दिशाओं में हो रहा है। न्यू भेड़ाघाट, तेवर, मंगेली, मानेगांव, पनागर, अमझर और पाटन सहित कई इलाकों में तेजी से बसाहट बढ़ रही है। पिछले डेढ़ दशक में शहर की परिधि लगभग 25 किलोमीटर से बढ़कर 50 किलोमीटर से अधिक हो चुकी है, जो रिंग रोड कनेक्टिविटी के बाद 100 किलोमीटर तक पहुंच सकती है।

नए क्षेत्र भी हुए शामिल

निवेश क्षेत्र में आमा हिनौता, मनगवां, बेनीखेड़ा, टिमरी, मंगेला, पौड़ी, सरखेड़ी, बरोदा, उमरिया चौबे, खमरिया, जमुनिया सहित कई गांवों को शामिल किया गया है। इन क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर औघोगिक निवेश और आवासीय विकास की संभावनाएं बन रही हैं।

संपत्ति का बढ़ा दायरा

पांच वर्ष पहले लिए गए सैटेलाइट सर्वे में 2.75 लाख संपत्तियों की पहचान की गई थी, जबकि नए सर्वे में 60 हजार नई संपत्तियां सामने आई हैं। वर्तमान में नगर निगम सीमा में 3.21 लाख और निवेश क्षेत्र में लगभग 3.35 लाख संपत्तियां दर्ज हैं। नए विस्तार में करीब 14 हजार संपत्तियां और जुड़ गई हैं।

शहर के सुव्यवस्थित और तेज विकास के लिए बेहतर रोड कनेक्टिविटी जरूरी है। नए मास्टर प्लान में चौड़ी सड़कों पर जोर देना सकारात्मक पहल है। - प्रभात पाराशर, पूर्व आईएएस अधिकारी

चौड़ी सड़कों के आसपास शहरी विकास तेजी से होता है, जिसका उदाहरण एमआर-4 सड़क है। ऐसे में नए मास्टर प्लान में इस दिशा में प्रावधान शहर के विस्तार को गति देगा। - डीएस मिश्रा, स्ट्रक्चर इंजीनियर व टाउन प्लानर

यह है स्थिति

-412 वर्ग किमी नया निवेश क्षेत्र
-171 गांव शामिल (पहले 109)
-62 गांवों में 18-60 मीटर चौड़ी सड़कें
-3.35 लाख संपत्तियां निवेश क्षेत्र में
-50 मेजर/सेक्टर रोड प्रस्तावित
-112 किमी. रिंग रोड से कनेक्टिविटी