
जबलपुर। मां शक्ति की आराधना और भगवान राम के जयघोष के बीच संस्कारधानी के मुख्य दशहरा चल समारोह में शुक्रवार को एक और गौरवशाली कड़ी जुड़ी। यहां नगर निगम चौराहे से भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। चल समारोह के दौरान राम-रावण युद्ध की जीवंत प्रस्तुति में त्रेता युग का नजारा जीवंत होता नजर आया। लोगों ने जयघोष के साथ भगवान राम और सत्य की जीत के प्रति श्रद्धा अर्पित की। मनमोहक धुनों के बीच रामजी की सवारी के पीछे मां शक्ति की नयनाभिराम झांकियों का काफिला चल रहा था। हजारों लोगों ने इस अद्भुत नजारे को अपनी आंखों में कैद किया। उत्सव का नजारा देर रात सडक़ों पर बना रहा।
जयघोष के साथ पूजन
परम्परा के अनुसार चल समारोह की शुरुआत के पूर्व जगद्गुरु डॉ. स्वामी श्यामदेवाचार्य महाराज, स्वामी मुकुंददास महाराज, स्वामी नरसिंहदास, स्वामी चैतन्यानंद समेत अन्य संतों व विप्र जनों ने नगर निगम चौक पर भगवान राम-लक्षमण और दरबार का पूजन वंदन किया। गोविंदगंज रामलीला समिति के अगुवाई में हुए इस कार्यक्रम के दौरान भगवान राम के जयकारों के बीच चल समारोह गंतव्य के लिए रवाना हुआ। इसमें शामिल जीवंत झांकियों ने लोगों को आकर्षण मेंं बांधा। चल समारोह में शामिल मां अम्बे की नयनाभिराम झांकियों का भी जगह-जगह स्वागत किया गया।
मधुर धुन पर थिरकी दुल-दुल घोड़ी
चल समारोह में शहर के नामी बैंड दल अपनी सम्मोहक प्रस्तुति देते रहे थे। संगीत की सरगम कुछ ऐसी छिड़ी की नृत्य करती दुल-दुल घोड़ी के बीच बच्चे और बुजुर्ग तक थिरकते हुए झूम उठे। चल समारोह में शामिल टोलियां ने नृत्य-गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी। विभिन्न संस्थाओं ने रास्ते में भगवान राम व मां की झांकियों का पूजन वंदन किया। इस दौरान भंडारा और प्रसाद वितरण का क्रम भी अनवरत चलता रहा।
रांझी व मेडिकल में भी धूम
इसी तरह रांझी में भी शुक्रवार को दशहरा उत्सव की धूम रही। यहां मुख्य दशहरा चल समारोह धूमधाम से निकाला गया। हजारों की संख्या में लोग इसमे ंशामिल हुए। इसी तरह शास्त्री नगर मेडिकल पुरवा धनवंतरि नगर का दशहरा शास्त्रीनगर चौक से प्रारम्भ हुआ। इसमें 151 किलो के त्रिशूल के साथ त्रिशूल नृत्य, गेड़ी नृत्य, शेर नृत्य, आतिशबाजी आदि आकर्षण का केन्द्र रहे। चलसमारोह मेडिकल, पिसनहारी, पुरवा से धनवंतरि नगर चौराहा पहुंचा। यहां भगवान श्रीराम के जयघोष के साथ रावण, कुम्भकरण, मेघनाथ के पुतलों के दहन किया गया।
गढ़ा का दशहरा 20 को
गढ़ा का दशहरा चल समारोह इस वर्ष 23 प्रतिमाओं के साथ 20 अक्टूबर को निकाला जाएगा। प्रतिमाओं की यह संख्या अब तक की सर्वाधिक है। इस बार प्रजापति समाज शुक्ला नगर एवं कुम्हार मोहल्ला की प्रतिमाएं भी शामिल होंगी। चलसमारोह में आकर्षक धार्मिक झांकियां, आतिशबाजी, रावण, कुम्भकरण, मेघनाथ के विशाल पुतले शामिल होंगे। प्रतिनिधित्व गढ़ा रामलीला समिति जबालिपुरम करेगी। आयोजक के रूप में संकट मोचन हनुमान मंदिर सेवा समिति गढ़ा एवं नवयुवक दुर्गोत्सव समिति होंगी। सेवा समिति के अध्यक्ष मनोज पाटकर ने बताया कि चलसमारोह शाम 7 बजे संकट मोचन हुनमान मंदिर गौतम मढिय़ा से प्रारम्भ होगा। यह गुलौआ चौक, बीटी तिराहा, छोटी बजरिया, आनंदकुंज, गढ़ा बाजार होते हुए त्रिपुरी चौक में सम्पन्न होगा। दुर्गोत्सव समितियों और पुलिस प्रशासन की उपस्थिति में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि दुर्गा समितियों को रात 12 बजे के स्थान पर अब रात 3 बजे नम्बर दिए जाएंगे। मुख्य चलसमारोह में मुख्य अतिथि महापौर स्वाति गोडबोले व अजय विश्नोई होंगे। अध्यक्षता विधायक तरुण भनोत करेंगे। विशिष्टि अतिथि नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दिनेश यादव, दीपांकर बैनर्जी होंगे। आयोजक अशोक मनोध्या, रुपलाल पटेल, बाबा अवस्थी, ओम ठाकुर, मनीष दुबे, शैलेंद्र दुबे आदि ने उपस्थिति की अपील की है।
हाउबाग गोरखपुर आयोजन 20 को
हाउबाग गोरखपुर व्यापारी संघ के तत्वावधान में 20 अक्टूबर दोपहर 4 बजे गुलाटी चौक से दशहरा चल समारोह प्रारम्भ होगा। संघ के अध्यक्ष राजेश माहेश्वरी ने कहा कि चलसमारोह शहीद भगत सिंह तिराहे से प्रारम्भ होकर गुलाटी चौक, छोटी लाइन फाटक, अनगढ़ महावीर मंदिर, दुर्गामंदिर, गोरखपुर थाना होते हुए ग्वारीघाट के लिए प्रस्थान करेगा। समिति के इंद्र कुमार राहबर, शिव उपाध्याय, मुकेश जरगर, घनश्याम यादव आदि ने उपस्थिति की अपील की है।
कांचघर में भी बिखरेगी छटा
कांचघर दशहरा चल समारोह 20 अक्टूबर शाम 8 बजे जीसीएफ स्टेट स्थित श्रीराम मंदिर से शुरू होगा, जो घमापुर तक जाएगा। इसमें 10 से 20 प्रतिमाएं शामिल होंगी। समारोह गिरजाशंकर रामलीला समिति द्वारा राम और रावण का सम्वाद, फिर 55 फुट ऊंचे रावण दहन के साथ सम्पन्न होगा। भैयाजी सरकार शामिल होंगे। शुरूआत में साईं पालकी, गायत्री परिवार की ज्ञानवर्धक शोभायात्रा, मां नर्मदा व भारत माता की शोभायात्रा निकलेगी। इसके बाद जगत जननी मां जगदम्बे की प्रतिमाओं के निकलने का सिलसिला शुरू होगा। समिति के अध्यक्ष अतुल गुप्ता, जीएस ठाकुर, रमाकांत राव, सुधीर शर्मा, आयोजक सरमन रजक आदि ने बताया कि समारोह में शेर नृत्य, ढोल नगाड़े, बालिकाओं का नृत्य, दुल-दुल घोड़ी, मोर नृत्य, घोड़े, ऊंट, बग्गी और मनमोहक लाइटें आकर्षण का केन्द्र रहेंगी। चल समारोह समिति के पदाधिकारियों की जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ एक बैठक भी हुई। जिसमें चलसमारोह मार्ग में पर्याप्त लाइट, पानी, सफाई व पुलिस व्यवस्था का आश्वासन दिया गया।
पुलिस ने किया शस्त्र पूजन
दशहरा पर्व व विजयादशमी के उपलक्ष्य में परम्परानुसार पुलिस विभाग ने अपने शस्त्रों का पूजन किया। पुलिस लाइन में एसपी अमित सिंह व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में शस्त्र पूजन किया गया। इधर अखिल भारतीय युवा क्षत्रिय महासभा द्वारा रानीताल स्थित यूथ हॉस्टल परिसर पर शस्त्र पूजन किया। राजपूत सभा ने महाराणा प्रताप भवन गोरखपुर में शस्त्र पूजा की। क्षत्रिय महासभा के रोहित सिंह चौहान, आरएस परमार व राजपूत सभा के योगेंद्र सिंह राजपूत, राजेश सिंह समेत अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे।