फेसबुक पर युवक ने पोस्ट की पिस्टल के साथ फोटो, पुलिस ने भेज दिया जेल
जबलपुर। फेसबुक प्रोफाइल पर हर यूजर अपने स्टेटस के हिसाब से फोटो लगाता है। कोई महंगी कारों के साथ फोटो लोड करता है तो कोई विदेश घूमने के दौरान ली गई सेल्फी लगाता है। वहीं युवाओं में इन दिनों महंगी बाइक्स और हथियारों के साथ फोटो डालने का चलन बढ़ गया है। अपने को बाहुबली दिखाने के चक्कर में वे कई बार ऐसी गलतियां कर जाते हैं जो उनके लिए अच्छी साबित नहीं होती। वहीं आपराधिक प्रवृत्ति के लोग भी ऐसे ही फोटो पोस्ट कर देते हैं। जो उनके लिए ही मुसीबत बन जाती है। जबलपुर क्राइम ब्रांच पुलिस ने पहली बार फेसबुक सोशल साइट के माध्यम से हथियार तस्करों को पकडऩे में कामयाबी पाई है। उन्होंने प्रोफाइल फोटो में हथियारों के साथ प्रदर्शन को दिखाया था।
खंडवा-दमोह से लाते थे हथियार
पिस्टल के साथ बनाई साइट्स पर प्रोफाइल
क्राइम ब्रांच ने हथियार तस्करों को दबोचा
सोशल साइट्स पर पिस्टल के साथ प्रोफाइल अपलोड करने वालों से पूछताछ करते हुए क्राइम ब्रांच ने अधारताल पुलिस के साथ तीन हथियार तस्करों को दबोचा। उनके पास से पांच देसी पिस्टल व कारतूस बरामद हुए। एएसपी संदीप मिश्रा व सीएसपी अखिल वर्मा ने बताया कि हथियार तस्करों तक पहुंचने में पहली बार सोशल साइट की प्रोफाइल मददगार साबित हुई।
टीम ने रविवार को संदेही हथियार तस्करों को खजरी-खिरिया के पास उस वक्त दबोच लिया, जब वे पांच पिस्टल व कारतूस लेकर ग्राहक के इंतजार में खड़े थे। टीम ने मौके से रांझी निवासी यशवंत कुशवाहा उर्फ यश, महाराजपुर पटेल नगर निवासी विवेक पांडेय उर्फ चूहा और कांचघर निवासी विकास तिवारी उर्फ विक्कू को दबोचा। तीनों की तलाशी में पांच देसी पिस्टल व कारतूस मिले। उनके कई मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं। तीनों ने बताया कि वे खंडवा व दमोह से आठ से दस हजार में पिस्टल लाकर शहर में २५ से ३० हजार में बेचते हैं। देसी पिस्टल खरीदने वालों में टीन एजर्स शामिल हैं। कई ने सोशल साइट्स पर पिस्टल के साथ प्रोफाइल बना रखी है। इससे पुलिस हथियार तस्करों का नेटवर्क भेदने में सफल रही।