-कोतवाली थानांतर्गत उखरी की घटना, सुसाइड नोट में महिला ने किया जिक्र
जबलपुर। कोतवाली थानांतर्गत उखरी निवासी 38 वर्षीय महिला ने शुक्रवार की रात को फंदे से झूल कर आत्महत्या कर लिया। पुलिस को उसके पास से एक सुसाइड नोट मिला है। जिसमें महिला ने सास और चाचा ससुर के खिलाफ प्रताडि़त करने और प्रॉपर्टी को लेकर विवाद करने का गम्भीर आरोप लगाया है। महिला विधवा थी और 14 वर्ष का उसका बेटा है। पुलिस ने प्रकरण जांच में लिया है।
पुलिस के अनुसार उखरी निवासी नंदिनी तिवारी (38) के पति का कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका है। वह 14 वर्षीय बेटे ऋषि के साथ रहती थी। उसी घर के दूसरे हिस्से में उसके चाचा ससुर सहित अन्य ससुराल वाले रहते हैं। रात में खाना खाने के बाद नंदनी अपने कमरे में साने चली गई थी। रात में करीब ढाई बजे उसका बेटा ऋषि बाथरूम के लिए उठा तो मां को दूसरे कमरे में फंदे से लटका पाया। उसने शोर मचाकर परिवार के लोगों को खबर दी। नंदिनी ने पंखे में चुनरी का फंदा लगाकर आत्महत्या की थी। सूचना पर उखरी चौकी की पुलिस पहुंची और कमरे से एक सुसाइड नोट जब्त किया।
सुसाइड नोट में प्रताडऩा का जिक्र
पुलिस के मुताबिक सुसाइड नोट में नंदिनी तिवारी ने ससुराल वालों पर प्रताडि़त करने और प्रॉपर्टी को लेकर लगातार परेशान करने का आरोप लगाया है। उसने इसी प्रताडऩा के चलते आत्महत्या की बात लिखी है। नंदिनी के मायके वालों ने भी सास और चाचा ससुर सहित अन्य परिवार वालों पर प्रताडि़त करने का आरोप लगाया। बताया कि नंदिनी के साथ प्रॉपर्टी को लेकर ससुराल वालों ने विवाद किया था।
उधर, महिला की झुलसने से मौत
बेलखेड़ा निवासी 22 वर्षीय महिला की झुलसने से इलाज के दौरान विक्टोरिया अस्पताल में शनिवार सुबह मौत हो गई। पुलिस के अनुसार बेलखेड़ा निवासी हेमाबाई (22) शुक्रवार को घर पर संदिग्ध हालत में झुलस गई थी। उसे इलाज के लिए विक्टोरिया में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान सुबह 4.30 बजे उसकी मौत हो गई। पति सुजीत भी झुलसा है। अस्पताल पहुंचे पिता करण सिंह ने पति सुजीत सहित ससुराल वालों पर जलाकर मारने का आरोप लगाया। पुलिस ने प्रकरण जांच में लिया है।