जबलपुर

दोस्तों ने किया किशोर का अपहरण, मारपीट का वीडियो बनाकर वायरल किया

एक पकड़ाया, तीन की तलाश

less than 1 minute read
Mar 11, 2021
crime

जबलपुर. चार दोस्तों ने मंगलवार रात अपने एक नाबालिग दोस्त का अपहरण किया। मारपीट कर वीडियो बनाया और उसकी नाबालिग दोस्त को भेज दिया। किशोरी ने बुधवार दोपहर यह वीडियो अपहृत के परिजन को भेजा, तो गोराबाजार थाने में शिकायत की गई। पुलिस ने बुधवार देर रात अपहृत को दस्तयाब कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। अन्य तीन की तलाश की जा रही है। सभी आरोपी नाबालिग हैं।
गोराबाजार थाना प्रभारी सहदेव राम साहू ने बताया कि 17 वर्षीय किशोर स्कूली छात्र है। मंगलवार रात वह घर पर था। तभी उसके चार दोस्त पहुंचे और उसे अपने साथ रामपुर स्थित जलपरी ले गए। वहां उससे मारपीट कर वीडियो बनाया और उसे घमापुर में छोड़ दिया। आरोपियों ने यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल करने के साथ ही किशोर की दोस्त को भी भेजा।
दोपहर में यह वीडियो नाबालिग दोस्त ने किशोर के पिता को भेजा। बुधवार दोपहर वे गोराबाजार थाने पहुंचे। पुलिस ने किशोरों की तलाश शुरू की, लेकिन पता नहीं चला। बुधवार रात ही लगभग 12 बजे पुलिस ने फिर से फोन लगाया, तो पीडि़त का फोन लग गया। पुलिस ने बेलबाग क्षेत्र से किशोर को दस्तयाब कर उससे पूछताछ कर एक आरोपी को दबोच लिया। पीडि़त ने बताया कि वह संकोच के चलते घर नहीं जा रहा था।
यह है कारण
एसआई साहू के अनुसार अपहृत किशोर और किशोरी में दोस्ती है। यह बात अपहरण करने वालों को रास नहीं आ रही थी। उन्होंने कई बार किशोर को दोस्ती तोडऩे को कहा। उसे सबक सिखाने के लिए उन्होंने उसका अपहरण कर मारपीट की और बेइज्जत करने के मकसद से उसका वीडियो बनाकर वायरल किया।

Published on:
11 Mar 2021 08:03 pm
Also Read
View All