
जबलपुर. फेसबुक चैटिंग से दोस्ती के बाद शहर निवासी 20 वर्षीय युवती और भिंड निवासी 17 वर्षीय किशोरी का राजस्थान के धौलपुर में शादी करने के मामले में पुलिस ने सोमवार को राहत की सांस ली। भिंड पुलिस के साथ पहुंचे परिजन किशोरी को लेकर रवाना हो गए। इधर, गोहलपुर पुलिस ने 20 वर्षीय युवती को उसके परिजन के सुपुर्दगी में दिया।
भिंड निवासी किशोरी की उम्र को लेकर पेंच फंस गया है। किशोरी की अंकसूची में वह नाबालिग है। वहीं, आधार कार्ड में उसकी उम्र 19 वर्ष दर्ज है। गोहलपुर थाने के एसआई मयंक सिंह यादव के मुताबिक भिंड के दवोह में किशोरी के अपहरण का प्रकरण दर्ज है। इस कारण वहां की पुलिस के सुपुर्दगी में उसे सौंपा गया। सोमवार को किशोरी को लेकर भिंड पुलिस लौट गई। इधर, युवती का बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने उसकी मां के सुपुर्दगी में सौंपा।
ये था प्रकरण
गोहलपुर निवासी 20 वर्षीय युवती की मां नगर निगम में कार्यरत है। युवती की फेसबुक के माध्यम से भिंड के दवोह निवासी किशोरी से दोस्ती हुई थी। 20 अगस्त को भिंड दवोह निवासी किशोरी घर से गायब हो गई। इधर, गोहलपुर निवासी युवती 26 अगस्त को घर से लापता हुई। किशोरी के अपहरण का प्रकरण 21 अगस्त को भिंड के दवोह थाने में तो नौ´ सितम्बर को युवती के गुमशुदगी उसकी मां ने गोहलपुर में दर्ज कराई थी। दस सितम्बर को पता चला कि दोनों राजस्थान के धौलपुर में हैं और शादी कर ली है।