-मझगवां क्षेत्र की घटना, सिहोरा से बाइक लेकर पहुंचा था युवती से मिलने
जबलपुर। आधी रात प्रेमिका से मिलने का जोखिम उठाना एक युवक को भारी पड़ गया। युवती के घरवालों को इसकी भनक लग गई। युवक को युवती के भाई ने पकड़ लिया और फिर मोहल्ले वालों के साथ मिलकर उसे अधमरा कर दिया। उसे गम्भीर हालत में पहले सिहोरा और वहां से मेडिकल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस के अनुसार सिहोरा निवासी अनिकेत पटेल मझगवां क्षेत्र निवासी युवती से प्रेम करता है। गुरुवार को उसकी युवती से मोबाइल पर बात हुई। फिर वह बाइक से युवती से मिलने देर रात उसके घर पहुंच गया। युवती के घर से थोड़ी दूरी पर बाइक खड़ी कर वह युवती के घर में चला गया। वहां दोनों को युवती के भाई ने पकड़ लिया। बताते हैं कि पहले दोनों में झूमाझुटकी भी हुई। इसके बाद युवती के भाई ने मोहल्ले वालों के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी। सिर में चोट आने से युवक मौके पर ही बेहोश हो गया। मोहल्ले वालों की सूचना पर डायल-100 पहुंची और युवक को लेकर सिहोरा पहुंची। वहां से उसकी हालत नाजुक बता चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। पुलिस ने युवक की बाइक युवती के घर से बरामद कर लिया।