एक पद पर 180 महिला उम्मीदवार, जबलपुर के जम्मू एंड कश्मीर राइफल्स रेजीमेंट सेंटर में 29 जनवरी से 3 फरवरी के बीच भर्ती रैली
जबलपुर। सेना पुलिस में दूसरी बार युवतियों की भर्ती होने जा रही है। 10 पदों के लिए जबलपुर भर्ती जोन के तहत चार राज्यों की 1800 उम्मीदवारों को बुलावा पत्र भेजा गया है। यानी एक पद पर 180 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमाएंगी। भर्ती की तैयारियां सेना के मुख्यालय भर्ती जोन कार्यालय के द्वारा की जा रही हैं। जम्मू एंड कश्मीर राइफल्स रेजीमेंट सेंटर में 29 जनवरी से 3 फरवरी के बीच भर्ती रैली आयोजित होगी। कोरोना संक्रमण की वजह से भर्ती रैली में विलम्ब हुआ है। सेना में भर्ती के लिए युवतियों में उत्साह है। इस बार जबलपुर सहित छह जोन के द्वारा की जा रही भर्ती में ढाई लाख से ज्यादा आवेदन आए हैं। पिछली बार यह संख्या 5 लाख से ज्यादा थी। जबलपुर भर्ती जोन के अंतर्गत मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड की युवतियों को रैली में शामिल होने के लिए बुलावा पत्र भेजा गया है।
मध्यप्रदेश की ज्यादा उम्मीदवार
दूसरी बार हो रही भर्ती प्रक्रिया में मध्यप्रदेश से करीब 25 हजार उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। इसी प्रकार तीन अन्य राज्यों से भी करीब इतनी ही उम्मीदवारों ने सेना में भर्ती होने के लिए आवेदन किया है। जिन युवतियों के 10वीं कक्षा में 85 फीसदी से ज्यादा अंक आए हैं, उन्हें ही बुलावा पत्र भेजा गया है। मध्यप्रदेश से 12 सौ और छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड की 600 उम्मीदवारों को बुलाया गया है।
छह जोन में हो रही भर्ती
जबलपुर सहित देशभर में सेना के छह जोन के माध्यम से यह भर्ती प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसमें पुणे, बेंगलूरु, शिलांग, लखनऊ और अंबाला जोन शामिल है। सेना में भर्ती के लिए इन उम्मीदवारों को कई प्रक्रियाओं होकर गुजरना पडेग़ा। पहले दौर में इन्हें शारीरिक दक्षता परीक्षा से गुजरना होगा। इसमें दौड़, लंबी और ऊंची कूद शामिल है। इसमें सफल युवतियों के दस्तावेजों की जांच होगी। फिर अप्रैल में मेडिकल तथा जून या जुलाई में लिखित परीक्षा होगी। इसके बाद इनकी टे्रनिंग प्रारंभ होगी। पिछली बार 17-19 सितंबर 2019 को भर्ती प्रक्रिया के तहत फिजीकल टेस्ट हुआ था। उस समय करीब 1760 युवतियों को जबलपुर भर्ती कार्यालय के द्वारा बुलावा पत्र भेजा था। इसमें करीब 400 युवतियां आई थीं। 12 सर्वश्रेष्ठ युवतियों का चयन हुआ था। सेना कार्यालय के अनुसार इसमें सतना, रीवा, भोपाल की एक-एक, ग्वालियर की 2, छत्तीसगढ़ 1, बिहार और झारखंड की चार एवं पुणे की 2 युवतियों का चयन हुआ था। जबलपुर जोन के रिक्रूटिंग डायरेक्टर कर्नल पी. चक्रवर्ती ने बताया कि सेना पुलिस में भर्ती के लिए दूसरी बार महिलाओं की भर्ती के लिए रैली का आयोजन 29 जनवरी से 3 फरवरी तक जम्मू एंड कश्मीर राइफल रेजीमेंट में किया जा रहा है। जिला प्रशासन के साथ इसकी तैयारियां की जा रही हैं।