रांझी के ग्राम मोहनिया में भू-माफिया के खिलाफ कार्रवाई पांच करोड़ से ज्यादा की जमीन से हटाए कब्जे, अवैध डेयरी, कारखाना जमींदोज
जबलपुर। जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार को रांझी से लगे ग्राम मोहनिया में भू-माफिया के खिलाफ कार्रवाई की। अमले ने करीब पांच करोड़ 61 लाख रुपए से ज्यादा कीमत की पांच एकड़ सरकारी जमीन को कब्जे से मुक्त कराया। पांच घंटे चली कार्रवाई में सरकारी जमीन पर बने मकान, डेयरी, दूध, पटाखा दुकान, अगरबत्ती का कारखाना और स्वीमिंग पूल को तोड़ा। इस दौरान नगर निगम का अतिक्रमण दस्ता भी मौजूद रहा। कब्जा मुक्त कराई गई जमीन का बाजार मूल्य 15 करोड़ रुपए से अधिक बताया गया है।
जिला प्रशासन की ओर से लॉकडाउन के बाद माफिया के खिलाफ बनाई गई सूची में पहली कार्रवाई रांझी अनुविभाग में हुई। टीम सुबह 6.30 बजे मोहनिया ग्राम पहुंची। जेसीबी, ट्रक और प्रशासन तथा पुलिस के वाहन का देखकर हडक़म्प मच गया। अधिकारियों ने दुकानों में रखे सामान को बाहर निकालने की हिदायत दी। सात बजे अवैध निर्माण को तोडऩा शुरू किया। इस बीच अतिक्रमण्कारियों की ओर से कुछ लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन कार्रवाई जारी रही।
दो एकड़ जमीन में थी हर सुविधा
अधिकारियों ने बताया कि दिलशाद खान नाम का व्यक्ति दो एकड़ जमीन पर कब्जा कर अवैध रूप से डेयरी का संचालन कर रहा था। उसने यहं एक मकान, पटाखा दुकान, अगरबत्ती का कारखाना और परिसर में एक स्वीमिंग पूल भी बनाया था। कुछ जमीन पर खेती भी करता था। गाइडलाइन के हिसाब से जमीन की कीमत करीब 5 करोड़ रुपए है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यहीं से अपराधों का भी संचालन करता था।
अमले ने एक अन्य भू-माफिया सतीश सागर द्वारा सवा तीन हजार वर्गफीट सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनाए गए मकान को भी तोड़ा। इसकी कीमत करीब 53 लाख रुपए आंकी गई है।
ये थे टीम में शािमल
कार्रवाई के लिए कलेक्टर भरत यादव ने टीम का गठन किया था। अपर कलेक्टर संदीप जीआर के मार्गदर्शन में गठित टीम में रांझी एसडीएम दिव्या अवस्थी, तहसीलदार स्वाति सूर्या, नायब तहसीलदार रूपेश्वरी कुंजाम, रांझी सीएसपी कौशल सिंह, थाना प्रभारी रांझी और खमरिया, नगर निगम अतिक्रमण दस्ता प्रभारी सागर बोरकर सहित पुलिस बल शामिल था।
भू-माफिया और आपराधिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई के तहत मोहनिया में दो स्थानों पर सरकारी जमीन से अवैध कब्जे हटाए गए। वहां डेयरी दुकान, स्वीमिंग पूल, दो मकान और अगरबत्ती का कारखाना संचालित था। कब्जा मुक्त कराई गई जमीन की कीमत करीब पांच करोड़ 61 लाख रुपए है।
- दिव्या अवस्थी, एसडीएम, रांझी