दोपहर में धूप लग रही गुनगुनी : शनिवार को भी न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री दर्ज
जबलपुर। शहर में लगातार दो दिन तक सीजन का सबसे ठंडा दिन रहने के बाद शनिवार की सुबह भी सर्द रही। शीतलहर से कंपकंपी छूटी। न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस पर टिका रहा।
दोपहर को धूप से ठंड से कुछ राहत मिली। ठंड से बचने के लिए लोग धूप सेंकते नजर आए। यह धूप गुनगुनी लगी। इस दौरान मौसम में घुल रही पूर्वी हवा ने ठंड से बचाया। लेकिन शाम होते तक सर्दी फिर असर दिखाने लगी। रात में गलन वाली ठंड रही। अधारताल स्थित मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 23.7 और न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस था।
शनिवार को अधिकतम तापमान में लगभग दो डिग्री का उछाल आया। यह बढकऱ 25.6 डिग्री सी रेकॉर्ड किया गया। सामान्य से एक डिग्री ज्यादा बना रहा। न्यूनतम तापमान मामूली उछाल के साथ 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह सामान्य से पांच डिग्री नीचे बना रहा। आद्र्रता सुबह के समय 91 और शाम को 42 प्रतिशत थी। मौसम विज्ञान केन्द्र में वैज्ञानिक सहायक देवेन्द्र कुमार तिवारी के अनुसार शनिवार को उत्तर-पूर्वी हवा दो किमी प्रतिघंटा की गति से चली। हवा की गति धीमी होने और पूर्वी हवा के कारण दोपहर में धूप के समय ज्यादा ठंड महसूस नहीं हुई। रविवार को मौसम मुख्यत: शुष्क बना रहने की सम्भावना है। धूप तेज होने के कारण तापमान में आने वाले दो-तीन दिन धीरे-धीरे न्यूनतम स्तर पर पारा दो से तीन डिग्री सी तक बढ़ सकता है। लेकिन ठंड का प्रभाव बना रहेगा।