जबलपुर

accident: हाईवा ने ट्रैक्टर को मारी टक्कर, एक की मौत, दो घायल

खितौला के पहरेवा के पास हाईवे पर हादसा
less than 1 minute read
Nov 13, 2025
Road accident
एक्सीडेंट (प्रतीकात्मक फोटो)

खितौला के पहरेवा के पास हाईवे पर हादसा

accident: जिले के खितौला थाना क्षेत्र के पहरेवा के पास बुधवार रात नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार हाईवा ने सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर उछलकर नाली में जा गिरा। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, वहां एक किशोर की मौत हो गई। पुलिस ने हाईवा चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ट्रैक्टर सुधरवाने गया था युवक

खितौला पुलिस के अनुसार बरगवां सिहोरा निवासी सागर पटेल (23) बुधवार को ट्रैक्टर सुधरवाने के लिए सिहोरा गया था। रात करीब आठ बजे ट्रैक्टर लेकर वह घर लौट रहा था। रास्ते में उसने पहरेवा के पास पेट्रोल पंप से डीजल डलवाया। रात करीब सवा दस बजे सागर पहरेवा के पास पहुंचा, तभी उसके मामा के बेटे शुभांशु पटेल और सचिन पटेल ने उसे हाथ देकर रोका। दोनों ने बताया कि उन्हें सिमरिया जाना है।

पीछे से आया तेज रफ्तार हाईवा

इसी दौरान सिहोरा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे हाईवा के चालक ने ट्रैक्टर में जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर उछलकर सड़क किनारे नाली में जा गिरा और तीनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

आरोपी फरार

स्थानीय लोगों ने पुलिस और 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने शुभांशु पटेल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पीएम करवाकर हाईवा चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी चालक हादसे के बाद वाहन समेत फरार हो गया। उसकी तलाश जारी है।

Updated on:
13 Nov 2025 07:18 pm
Published on:
13 Nov 2025 07:18 pm