-आरोपी पर हत्या के प्रयास, बलवा, लूट आदि से संबंधित मामले हैं दर्ज-पुलिस को हत्या के प्रयास के मामले में दो महीने से थी तलाश
जबलपुर. क्राइम ब्रांच टीम को बड़ी कामयाबी मिली है जब उसने 307 के आरोपी, ईनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर हत्या के प्रयास, बलवा, लूट आदि से संबंधित मामले दर्ज हैं। पुलिस पिछले दो महीने से इस आरोपी की तलाश में थी लेकिन वो उनके कब्जे में नहीं आ रहा था।
क्राइम ब्रांच के मुताबिक आरोपी के बारे में मुखबिर से सूचना मिली थी कि वह बाइक से ग्वारीघाट जाने वाला है। इस सूचना पर क्राइम ब्रांच टीम ने बादशाह हलवाई मंदिर के पास घेरेबंदी कर ग्वारीघाट पुलिस की मदद से उसे दबोच लिया। निखिल नायडू के खिलाफ ओमती थाने में बलवा व हत्या का प्रयास दर्ज है।
घटना के संबंघ में प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्ला नगर एकता चौक के पास रहने वाले आरोपी निखिल नायडू ने 20 जनवरी को कल्याण मेहरा की दुकान पर काम करने वाले अथर्व राजपूत पर अन्य साथियों के साथ चाकू से जानलेवा हमला किया था। कल्याण मेहरा की ग्वारीघाट मेन रोड पर फुटपाथ महल कैफे नाम से दुकान है। एक वाहन की खरीद-बिक्री के मामले में पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद गहराया था। उसके बाद कल्याण के नहीं मिलने पर आरोपी गाली दे रहे थे जिसका अथर्व ने विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया था। उस घटना के बाद से ही निखिल नायडू भागा फिर रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा ने सात हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।