जबलपुर

कार्तिक पूर्णिमा पर बन रहा विशेष योग, इस शुभ मुहुर्त पर लगेगी पुण्य की डुबकी

- नर्मदा तीर्थ में लगेगी पुण्य की डुबकी- पंचकोसी परिक्रमा में उमड़ेगा आस्था का सैलाब-ग्वारीघाट, तिलवाराघाट, सरस्वतीघाट, लम्हेटाघाट में उमड़ेंगे श्रद्धालु
2 min read
• •
Updated: 12 Nov 2019, 8:08 AM IST
photo_2019-11-06_19-02-49.jpg
Kartik Purnima

जबलपुर. कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को नर्मदा तीर्थ में आस्था का सैलाब उमड़ेगा। सूर्योदय से पहले ही काफी संख्या में श्रद्धालु पुण्य की डुबकी लगाने पहुंच जाएंगे। नर्मदा तट पर धार्मिक अनुष्ठान, दान-पुण्य कर भक्त पुण्यार्जन करेंगे। विशेष अवसर पर भेड़ाघाट एवं ग्वारीघाट से नर्मदा पंचकोसी परिक्रमा होगी। चातुर्मास के चार माह बाद शुरू होने वाली नर्मदा परिक्रमा में काफी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।

ज्योतिर्विद जनार्दन शुक्ला के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा में भगवान श्रीकृष्ण, विष्णु एवं शिव की उपासना की प्रधानता है। सूर्योदय से शाम 6.45 बजे तक पूर्णिमा तिथि रहेगी। भगवान नारायण को समर्पित कार्तिक माह की पूर्णिमा पर मातृशक्ति का कार्तिक व्रत पूर्ण होगा। इस माह पितरों के निमित्त आकाश दीपदान कर लोग आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। महिलाएं भगवान को एक माह जल में निवास कराती है। ऐसे सभी धार्मिक कार्यों का समापन पूर्णिमा को होगा।

नर्मदा परिक्रमा के हर पग में तीर्थ का फल
आचार्य डॉ. बाल गोविंद शास्त्री के अनुसार नर्मदा तीर्थ में 60 करोड़ 60 हजार तीर्थ हैं। नर्मदा परिक्रमा में भक्त जितने पग चलता है, उतने अश्वमेध यज्ञ के फल की प्राप्ति होती है। नर्मदा तट एवं अयोध्या, काशी, वृंदावन, नेमिसारण्य में परिक्रमा की जाती है। तीर्थ परिक्रमा में सभी तीर्थों का फल प्राप्त होता है। अन्य क्षेत्र में किए गए पाप तीर्थ क्षेत्र नष्ट हो जाते हैं, लेकिन तीर्थ क्षेत्र के पाप पंचकोषी परिक्रमा में ही नष्ट होते हैं।

चार लोगों ने शुरू की थी पूर्णिमा की परिक्रमा
नर्मदा पंचकोषी परिक्रमा वर्षों की जा रही है। नर्मदा पंचकोषी परिक्रमा समिति के संरक्षक डॉ. सुधीर अग्रवाल, अध्यक्ष योगाचार्य डॉ. शिवशंकर पटेल, संकीर्तनाचार्य मनमोहन दुबे एवं सुरेश्वरदास ने मार्च 2012 में परिक्रमा शुरू की और उसके बाद प्रत्येक माह की पूर्णिमा को परिक्रमा की जाती है। चातुर्मास के चार महीने में नर्मदा परिक्रमा बंद रहती है। कार्तिक पूर्णिमा से परिक्रमा में काफी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।

Published on: