
जबलपुर। बेहतर जीवनसाथी की तलाश के लिए यदि आपने मैरेज ब्यूरो की वेबसाइट पर प्रोफाइल अपलोड की है और उसके जरिए किसी विदेशी युवक ने आपको मैरेज इंटरेस्ट शो किया है तो जरा संभलकर...। विदेशी युवक की इम्प्रेसिव प्रोफाइल के चक्कर में पड़कर आप कहीं कंगाल न हो जाए। चौंकिए नहीं... दरअसल, नौकरीशुदा युवतियों की मैरेज ब्यूरो वेबसाइट में प्रोफाइल देखकर उन्हें ठगने का खेल चल रहा है। जिसमें विदेशी युवक वेबसाइट पर अपनी फर्जी प्रोफाइल तैयार करके शादी की इच्छुक युवतियों से पहले चैटिंग शुरू करते है। फिर अपनी लच्छेदार और इमोशनल बातों में फांसकर युवती को शादी का झांसा देकर उनसे रुपए ऐंठते है। ठगी का यह खेल एक लेडी टीचर की शिकायत के बाद उजागर हुआ। जब पुलिस ने मामले में एक लंदन निवासी नाइजीनियन युवक को दिल्ली से गिरफ्तार किया तो एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ। इस गिरोह के सदस्य कानपुर और दिल्ली में बैठकर मैरेज ब्यूरो की वेबसाइट के जरिए ठगी और धोखाधड़ी का पूरा खेल चला रहे थे।
लेडी टीचर ने की थी शिकायत
स्टेट साइबर सेल के प्रभारी हरिओम दीक्षित के अनुसार महाराजपुर निवासी शिक्षिका ने जीवनसाथी डॉट पर शादी की प्रोफाइल अपलोड की थी। उनकी प्रोफाइल पर 15 मार्च को एक इंटररेस्ट शो हुआ। इंटररेस्ट शो करने वाले की प्रोफाइल मैक्स विलियम लंदन निवासी की थी। उन्होंने इंटररेस्ट एक्सेप्ट की फिर दोनों के बीच चैटिंग होने लगी। चैटिंग में युवक ने शादी की बात की और 3 अप्रैल को भारत आकर मिलने की खबर दी। इसके बाद तीन 3 अप्रैल को युवक ने शिक्षिका को फोन किया और 16.50 लाख रुपए ठग लिए।
ऐसे दिया झांसा
पुलिस के अनुसार तय तिथि पर 3 अप्रैल को युवक ने शिक्षिका को फोन किया। उसने शिक्षिका को फोन पर बताया कि दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने अधिक पैसे होने के चलते उसे पकड़ लिया है। उसको छोडऩे के लिए पैसे देने होंगे। उसने कहा कि कस्टम से छूटते ही उसके पास पैसे आ जाएंगे और फिर वह मिलते ही उसे लौटा देगा। शिक्षिका उसकी बातों में आ गई और उसके बताए अनुसार अलग-अलग बैंक खातों में 16.50 लाख जमा कर दिए।