MP News: संगठन को मजबूती देने के लिए कांग्रेस अपना ‘कलेवर’ बदलने की तैयारी में है। इसके लिए सबसे बड़ा बदलाव कार्यकारिणी को लेकर होगा।
MP News: संगठन को मजबूती देने के लिए जबलपुर कांग्रेस अपना ‘कलेवर’ बदलने की तैयारी में है। इसके लिए सबसे बड़ा बदलाव कार्यकारिणी को लेकर होगा। अभी तक जिला कार्यकारिणी ‘जम्बो’ आकार की होती थी। इसमें तीन सौ से ज्यादा पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य होते थे। अब इसमें कटौती करके अधिकतम संख्या 75 रखी जाएगी। पहले 100 उपाध्यक्ष, इतने ही मंत्री और सचिव होते थे। अब 10 उपाध्यक्ष, 15 महामंत्री, 20 सचिव और बाकी कार्यकारिणी सदस्य होंगे।
ब्लॉक अध्यक्षों को लेकर रायशुमारी शुरू हो गई है। कुछ जगह बैठकों का आयोजन हो चुका है। कुछ ब्लॉक ऐसे हैं, जहां नए नाम जुडे़ंगे। कुछ में पूर्व अध्यक्ष ही संगठन चलाएंगे। दिवाली तक अध्यक्षों के नामों की घोषणा होनी है। जिला और ग्रामीण कांग्रेस(MP Congress) के लिए कार्यकारिणी का गठन नवंबर के पहले किया जाना है। कांग्रेस ने संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की थी। इसी के तहत शहर अध्यक्ष के रूप में सौरभ शर्मा की पुन: ताजपोशी हुई थी। ग्रामीण अध्यक्ष के तौर पर डॉ. नीलेश जैन की जगह पूर्व विधायक संजय यादव को मौका दिया गया। हर क्षेत्र के लिए प्रभारी बनाए गए हैं। वे स्थानीय पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं से चर्चा कर हैं। वे अपनी रिपोर्ट जिला अध्यक्ष को देंगे। यह रिपोर्ट मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी को जाएगी। वहां नाम फाइनल होंगे। ब्लॉक के बाद मंडलम और बूथ स्तर पर पदाधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी।
ब्लॉक कांग्रेस(MP Congress) कमेटी के पदाधिकारियों के लिए रायशुमारी चल रही है। दिवाली से पहले नए अध्यक्षों के नामों की घोषणा की जानी है। इसके लिए प्रभारी बनाए गए हैं। जिला कार्यकारिणी के लिए भी जल्द ही प्रक्रिया शुरू की जा रही है। - सौरभ शर्मा, अध्यक्ष, शहर कांग्रेस
कांग्रेस ने अपने 13 ब्लॉक के पुनरगठन के लिए ब्लॉक प्रभारियों की नियुक्ति की है। जवाहर लाल नेहरू ब्लॉक कांग्रेस के लिए झल्लेलाल जैन को प्रभारी बनाया गया है। इंदिरा गांधी ब्लॉक में राजेश सोनकर, मदन महल ब्लॉक में ताहिर अली, शंकर शाह ब्लॉक में इंदिरा पाठक तिवारी, कस्तुरबा गांधी ब्लॉक मतीन अंसारी, मौलाना अब्दुल कलाम आजाद ब्लॉक हुकुमचंद जैन, कमला नेहरू ब्लॉक रितेश गुप्ता, रांझी-खमरिया ब्लॉक विजय जैन, केंट ब्लॉक अतुल बाजपेयी, कंचनपुर अधारताल ब्लॉक सरबजीत सिंह रील, मोतीलाल नेहरू ब्लॉक जतिन राज, राधाकृष्ण ब्लॉक राजेश यादव और डॉ जाकिर हुसैन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के लिए अनुराग गढ़ा वाल को प्रभारी बनाया गया है।