जबलपुर

थाने के भीतर विधायक ने फाड़े कपड़े, हाथ जोडते रहे पुलिस अफसर

कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया ने जताया आक्रोश- हनुमानताल पुलिस पर लगाया मनमानी का आरोप

2 min read

जबलपुर. नाबालिग की गुमशुदगी के मामले में कांग्रेस कार्यकर्ता को थाने में बैठाए जाने से बिफरे पूर्व मंत्री व कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया हनुमान ताल थाने के सामने धरने पर बैठ गए। पुलिस अधिकारियों द्वारा शिकायत होने की बात पर विधायक नाराज हो गए और खुद के कुर्ते को ही फाड़ दिया, इससे हंगामा बढ़ गया। ढाई घंटे बाद कांग्रेस कार्यकर्ता हो छोड़े जाने पर धरना समाप्त हुआ।

मामला गुरुवार की रात का है। जानकारी के अनुसार एक परिवार ने नाबालिग लड़की के लापता हो जाने की शिकायत हनुमान ताल थाने में दर्ज कराई थी। कथित तौर पर शिकायत में कांग्रेस कार्यकर्ता आसिफ का नाम था, जिस पर आरोप लगाया गया था कि नाबालिग के बारे में उसे जानकारी है। इस पर पुलिस आसिफ को थाने ले आए। पुलिस पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए रात को कांग्रेस पदाधिकारी थाने पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस के टस से मस नहीं होने पर देर रात विधायक घनघोरिया समर्थकों के साथ हनुमान ताल आ गए और थाने के सामने धरना दे दिया, जो ढाई घंटे चला।

सीएसपी ने जांच का आश्वासन दिया
विधायक ने तैश में आकर अपना कुर्ता फाड़ लिया, इससे कार्यकर्ता उत्तेजित हो गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। उन्होंने पुलिस पर अवैध वसूली और मनमानी का आरोप लगाया। थाने आए सीएसपी अखिलेश गौर ने विधायक घनघोरिया से बातचीत की। इस दौरान कई बार पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच गहमागहमी हुई। सीएसपी ने जांच का आश्वासन दिया है। अंतत: आसिफ को घर जाने दिया गया, तब जाकर कांगेेरसी शांत हुए।

परिजनों को थाने बुलाया
थाना प्रभारी गोल्हानी के अनुसार नाबालिग आसिफ के घर पर थी। मामले को सुलझाने के लिए उसने नाबालिग के परिजन को राजीनामा करने के लिए बुलाया पर वे नहीं माने और थाने में आकर शिकायत की। तभी आसिफ को थाने लाया गया था। मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

Published on:
25 Feb 2023 11:51 am
Also Read
View All