शहर में मानसून फिर सक्रिय, तीन दिन तक झमाझम के आसार
Monsoon active again : शहर में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। गुरुवार को भी सुबह से शाम तक रुक-रुककर बारिश होती रही। इसके चलते तापमान नीचे गिरा व उमस खत्म हो गई। मौसम सुहाना हो गया। मौसम विभाग की मानें तो मानसूनी सिस्टम सक्रिय होने का प्रभाव जबलपुर संभाग में तीन दिन तक देखने को मिलेगा। शुक्रवार को जबलपुर में तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
गुरुवार को भी सुबह से ही बारिश हुई। शाम तक रुक रुककर वर्षा का सिलसिला जारी रहा। अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से दो डिग्री कम था। रात का न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह सामान्य था। हवा में नमी 88 फीसदी दर्ज की गई। चौबीस घंटे में हुई 10 मिमी वर्षा के साथ सीजन में अभी तक कुल वर्षा का आंकड़ा 1059.6 मिमी (41.7 इंच ) पहुंच गया है।
मानसून की सक्रियता लगातार बनी हुई है। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना है। 5 सितंबर को जबलपुर जिले में अच्छी वर्षा की संभावना है। 6 सितंबर को भी गरज-चमक के साथ तेज बारिश का दौर जारी रहेगा। इसके बाद इसमें कमी आ सकती है।
बरगी बांध लबालब होने पर 15 गेट खोल दिए गए हैं। इसके कारण नर्मदा तटों पर बाढ़ के हालात हैं। गौरीघाट, तिलवारा, लहेटाघाट, भेड़ाघाट में नर्मदा का जल स्तर 8-10 फीट तक बढ़ गया है। बरगी बांध कंट्रोल रूम की टीम ने बताया कि कैचमेंट एरिया में लगातार बारिश होने से जल स्तर बढ़ा है। गुरुवार को सुबह 9 बजे बांध के 6 गेट और खोल दिए गए। इससे पहले बांध के 9 गेट से पानी छोड़ा जा रहा था। जल निकासी 1097 क्यूमेक से बढ़ाकर 3245 क्यूमेक कर दी गई। 15 गेट की औसत ऊंचाई 1.40 मीटर रखी गई है। बांध में पानी का स्तर 422.26 मीटर है। टीम कैचमेंट एरिया में बारिश पर नजर रख रही है। आवश्यकता पड़ने जल निकासी बढ़ाई या घटाई जा सकेगी। लोगों को तटवर्ती क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है।