मानसूनी बारिश का इंतजार होगा खत्म, जबलपुर में 2-3 दिन में होगी झमाझम बारिश
जबलपुर. शहर में मानसूनी बादलों की आवाजाही बनी हुई है। रविवार को भी काले बादल उमड़े। लेकिन, तेज हवा चलने से बादल बिना बरसे लौट गए। दोपहर में कुछ-कुछ देर के लिए आसमान साफ होने से हल्की धूप निकली। इससे उमस बढ़ी। हालांकि, आसपास के जिलों में बारिश से नमी भरी हवा आई। तेज हवा के झोंके आने से ज्यादा गर्मी महसूस नहीं हुई। तापमान में भी मामूली उतार-चढ़ाव आया। अनुकूल सिस्टम होने के बावजूद अभी तक सीजन में अच्छी बारिश की दस्तक नहीं होने से लोग मायूस हैं। उमस-गर्मी से राहत के लिए जिले के आसपास बारिश कर रहे बादलों की खेप पहुंचने का इंतजार है।
अधारताल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शनिवार अधिकतम तापमान अधिकतम 36.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री था। रविवार को अधिकतम तापमान शनिवार के ही लगभग बराबर 36.3 डिग्री रेकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से एक डिग्री ज्यादा था। न्यूनतम तापमान 26 डिग्री था। यह भी सामान्य से एक डिग्री ज्यादा था। आद्र्रता सुबह के समय 68 प्रतिशत और शाम को 38 प्रतिशत थी। उत्तरी-पश्चिमी हवा औसतन 12 किमी प्रतिघंटा की गति से चली।
मौसम विज्ञान केंद्र में वैज्ञानिक सहायक देवेंद्र कुमार तिवारी के अनुसार उड़ीसा और उससे लगे क्षेत्र में चक्रवाती हवा का घेरा है। पंजाब से हरियाणा, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड होते हुए बंगाल की खाड़ी तक द्रोणिका बनी है। इससे शहर और सम्भाग का मौसम प्रभावित हो रहा है। शहर में बारिश के लिए अनुकूल सिस्टम बना हुआ है। दो-तीन दिन में बारिश का अनुमान है। सोमवार को सम्भाग के कुछ स्थानों पर वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछार की सम्भावना है।