
जबलपुर। राष्ट्रीय एकता के पुरोधा सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर बुधवार सुबह सात बजे राइट टाउन स्टेडियम से ग्वारीघाट तक मिनी मैराथन में पुलिस कर्मी सहित शहर के लोग दौड़े। एसपी अमित सिंह के नेतृत्व में आम शहरवासी, छात्र-छात्राओं से भी इसमें शामिल हुए। एसपी सिंह ने बताया कि मिनी मैराथन का उद्देश्य नागरिकों को देश के निर्माण में योगदान देने, मतदान का महत्व बताने तथा देशभक्ति, भाईचारे, एकता, अखंडता और अधिक मतदान के साथ-साथ ट्रैफिक नियमों के लिए जागरुक करना है। राइट टाउन स्टेडियम से मैराथन शुरू होकर ग्वारीघाटर स्थित आयुर्वेदिक कॉलेज मैदान में सम्पन्न हुई। वहां प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता व अखंडता की शपथ दिलायी गई, साथ ही वोट का महत्व बताते हुए पत्रिका के साथ धावकों ने संकल्प भी किया।
news facts
मैराथन में ली राष्ट्रीय अखंडता की शपथ, कहा वोट जरूरी हैं देश के लिए
जबलपुर पुलिस के तत्वावधान में राइट टाउन स्टेडियम से दौड़
प्रतिभागियों ने कहा अखंड भारत चाहिए तो मतदान करें
प्रतिभागियों ने पत्रिका के वोट चैलेंज में शामिल होकर कहा कि अखंड भारत सरदार पटेल का सपना था। इसे बनाए रखने व साकार करने के लिए वोट जरूरी है। अधिक से अधिक संख्या में वोट करें तो देश दुनिया में सबसे ऊपर होगा। हम अपनी पहचान बना पाएंगे। लोकतंत्र में मतदान करना हर आम आदमी का पहला दायित्व है।
ऐसा था कार्यक्रम
- 6.00 बजे प्रतिभागियों का आगमन। 6.45 बजे वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे।
- 7.00 बजे अधिकारी झंडी दिखाकर शुभारंभ।
- राइट टाउन स्टेडियम से प्रारम्भ।
- प्रतिभागी तीन पत्ती, छोटी लाइन फाटक, झंडा चौक होकर आयुवेर्दिंक संस्थान मैदान पहुंचे।
- मैराथन की दूरी 7.50 किमी थी।
- पुलिस के 1200 जवान के अलावा पुलिस परिवार और आम लोग शामिल हुए।
- मिनी मैराथन मार्ग पर आम वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहा।
- चौराहे-तिराहे पर ट्रैफिक डायवर्ट रहा।
यहां 11 फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण
लोहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के मौके पर बेलखाड़ू क्षेत्र में बुधवार सुबह 11 बजे उनकी 11 फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। कुर्मी सेवा संस्थान मनमोहन के तत्वावधान में जबलपुर से कटंगी मार्ग स्थित बेलखाड़ू के ग्राम झगरा में प्रतिमा स्थापित की गई है। संस्थान के डॉ. शिवशंकर पटेल ने बताया, कुर्मी क्षत्रिय समाज का स्नेह सम्मेलन, पूर्व सैनिकों एवं प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। सरदार वल्लभ भाई पटेल जयंती आज: शहर में जगह-जगह किए जाएंगे आयोजन