सीजन में अब तक कुल 33 इंच बारिश: कई दिनों बाद उमस और गर्मी से मिली राहत
जबलपुर। बंगाल की खाड़ी से आए बारिश वाले बादल गुरुवार को मेहरबान हुए। चौबीस घंटे में करीब डेढ़ इंच पानी बरसा। बारिश का सिलसिला गुरुवार को भोर से शुरू हुआ। लोग नींद से जागे तो बाहर झमाझम बारिश का शोर था। सुबह 9 बजे तक तेज और मध्यम वर्षा जारी रही। लगातार चार से पांच घंटे तक रुक-रुक बरसने के बाद बादलों ने ब्रेक लिया। काले बादल पूरे दिन छाए रहे। शहर में शाम को जल्दी अंधेरा छा गया। उसी दौरान फिर झमाझम बारिश हुई। चार से पांच खेप में बरसे पानी से हल्की उमस और गर्मी गायब हो गई। मौसम में हल्की ठंडक घुल गई। रात को मौसम खुशनुमा बना रहा।
एक घंटे की मूसलाधार बारिश से कई जगह लबालब
अधारताल स्थित मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस था। बारिश के कारण गुरुवार को तापमान में ज्यादा परिवर्तन नहीं हुआ। अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड हुआ। दोनों स्तर पर तापमान सामान्य के बराबर बना रहा। आद्र्रता सुबह के समय 98 प्रतिशत और शाम को 97 प्रतिशत थीं। उत्तर-पश्चिमी हवा 8 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चलीं। बुधवार को रात से गुरुवार रात के बीच 46.1 मिमी वर्षा रेकॉर्ड हुई। इसके साथ ही सीजन में कुल वर्षा का आंकड़ा बढकऱ 860 मिमी हो गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूर्वी मध्यप्रदेश के ऊपर मानसून सक्रिय है। बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम से कम दबाव का क्षेत्र सम्भाग पर बना हुआ है। इसके प्रभाव से गुरुवार को बारिश हुई। शुक्रवार को सम्भाग के ज्यादातर स्थानों पर वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछार पडऩे की सम्भावना है। जिले में ओरेंज अलर्ट है।
बंधैया मोहल्ला में दोमंजिला जर्जर भवन ढहाया
बंधैया मोहल्ला स्थित दो मंजिला जर्जर भवन गुरुवार को तोड़ा गया। 2400 वर्गफीट में बने इस पुराने भवन को जेसीबी मशीन व अन्य सहायक उपकरणों की मदद से तोड़ा गया। राजन अवस्थी का ये भवन खतरनाक हो चुका था। नगर निगम के भवन अधिकारी अजय शर्मा की निगरानी में भवन को तोड़ा गया।