
जबलपुर। पुलिस अब एसएस और बीसी रोल के जरिए बाहरी अपराधियों पर शिकंजा कसेगी। बाहर से आकर शहर में शहर से जाकर दूसरे जिलों में वारदात करने वाले अपराधियों के खिलाफ एसएस और बीसी रोल निगरानी का काम करेंगे। जबलपुर जोन के आईजी और एडीजीपी उमेश जोगा ने बुधवार को जबलपुर समेत कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी और छिंदवाड़ा के पुलिस अधीक्षकों को पत्र लिखकर एसएस और बीसी रोल जारी करने के निर्देश दिए हैं।
कवायद: दूसरे जिलों में बसे और बाहरी अपराधियों पर हो सकेगी कार्रवाई
एसएस और बीसी रोल के जरिए कसेगा अपराधियों पर शिकंजा
जोन में हुईं वारदातें
जबलपुर में पूर्व में ऐसी कई संगीन वारदातें हुई हैं, जिनमें आरोपी दूसरे प्रदेशों से शहर आए और वारदात करने के बाद भाग गए। डकैती की अधिकतर वारदातें बाहरी राज्यों के आरोपी करते हैं। कटनी में सराफा दुकान में हुई चोरी के आरोपी नेपाल और झारखंड से आए थे। छिंदवाड़ा में मोबाइल शॉप में चोरी करने के आरोपी बिहार के चंपारन के थे। सिवनी में पकड़ा गया कार चोरों का गिरोह महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश का था।
अधिकतर वारदातों के आरोपी बाहरी : पिछले कुछ समय में यह बात सामने आई कि जबलपुर समेत जोन के पांचों जिलों में झारखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश और नेपाल के अपराधियों ने सम्पत्ति सम्बंधी वारदातों को अंजाम दिया।
एसएस रोल
यदि कोई बाहरी व्यक्ति शहर में किराए के मकान में रहता है, डेरा या धर्मशालाओं में रुकता है तो पुलिस उसके खिलाफ एसएस रोल जारी करती है। यह एसएस रोल उक्त व्यक्ति के मूल जिले की पुलिस को भेजा जाता है। वहां से सम्बधित थाना उक्त व्यक्ति के सम्बंध में जानकारी देता है। यदि वह अपराधी है तो पुलिस को आसानी से उसका पता चल जाता है।
बीसी रोल
यदि जिले का कोई अपराधी दूसरे शहर में जाकर बस गया है तो उसके मूल जिले के थाने की पुलिस उसके खिलाफ बीसी रोल (बैड कैरेक्टर रोल) जारी करती है। बीसी रोल उस शहर के थाने में भेजा जाता है, जहां वह अपराधी रह रहा है। इससे आरोपी के मूल निवास के थाने की पुलिस उसकी निगरानी कर पाती है। वह उस शहर की पुलिस की भी नजर में रहता है, जहां वह बस गया है।
जोन के पांचों जिलों के एसपी को अपराधियों और संदिग्धों के एसएस और बीसी रोल जारी करने के निर्देश दिए हैं। इससे अपराधियों पर नजर रखने के साथ गम्भीर वारदातों को टाला भी जा सकेगा। होटल, धर्मशालाओं, लॉज और डेरों की विशेष निगरानी के भी निर्देश दिए हैं।
- उमेश जोगा, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक