जबलपुर नगर निगम की एमआईसी बैठक में निर्णय
जबलपुर। नगर निगम ने कई अटकलों के बीच दीपावली के पहले वह काम कर दिया जिसका लोग सवा तीन साल से इंतजार कर रहे थे। अपनी पहचान को तरस रहे शहर के नौ नए वार्ड के नामकरण हो गए। नगर निगम की एमआईसी ने लंबे विचार-विमर्श के बाद सामाजिक संतुलन को बनाते हुए नए वार्डों के नाम तय कर दिए। नामकरण की इस प्रक्रिया में एमआईसी ने बेहद संतुलित रुख अपनाया है। पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के साथ ही पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ईश्वरदास रोहाणी के नाम पर भी नए वार्डों को पहचान देने का काम किया है। इसके अलावा कई अन्य महत्वपूर्ण निर्णय भी एमआईसी ने सोमवार को किए है।
12 सौ सफाई कर्मियों के ठेके पर ब्रेक
शहर के 38 वार्ड में सफाई कर रहीं समितियों से काम वापस लेकर 12 सौ ठेका श्रमिक रखे जाने के स्वास्थ्य विभाग के प्रस्ताव को एमआईसी ने फिलहाल अटका दिया है। ठेका श्रमिकों के 15 करोड़ 45 लाख 60 हजार रुपए सालाना व्यय का ठेका निर्धारण कर बैठक में लाए प्रस्ताव के पुन:परीक्षण के बाद ही इस पर कोई निर्णय होगा। एमआईसी ने पीएम आवास योजना के चार प्रोजेक्ट के टेंडर फिर से बुलाने का निर्णय लिया है।
53 लीज प्रकरण मंजूर
एमआईसी ने राइट टाउन, मदन महल, मदन महल हेल्थ कैम्प, निवाडग़ंज, चंडालभाटा व भंवरताल इलाके के लीज नवीनीकरण व नाम परिवर्तन के 53 प्रकरणों को भी स्वीकृति दी है। एमआईसी ने कठौंदा में ठोस अपशिष्ट प्रसंस्करण संयंत्र की स्थापना के लिए दी गई भूमि की जानकारी के सम्बंध में आए प्रस्ताव को भी सदन को अग्रेषित किया है।
17.58 करोड़ से बनेंगे सात नए गार्डन
अमृत योजना के अंतर्गत बनने वाले सात नए गार्डन के निर्माण के लिए एमआईसी ने वित्तीय प्रशासकीय स्वीकृति दी है। इनकी डीपीआर तैयार कर ली गई है। स्थान का निर्धारण भी कर लिया गया है, जिनके निर्माण में 17.58 करोड़ की लागत आएगी। शासन ने इसके लिए 15 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं। एमआईसी ने पीएम आवास योजना के बीएलसी घटक अंतर्गत बस्तियों में अधोसंरचना कार्य के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है।
वार्ड 71 से 79 तक के ये होंगे नाम
एमआईसी ने पूर्व पार्षद पिंकी तिवारी के नाम पर शांतिनगर व्यायामशाला का नाम रखने का निर्णय लिया गया। महापौर स्वाति गोडबोले ने पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की शहर में प्रतिमा स्थापित करने की मांग को भी मान लिया। परिसीमन के बाद से नाम रखे जाने का इंतजार कर रहे सभी नौ नए वार्ड के नाम फाइनल हो गए हैं। नए वार्ड 71 से 79 तक के नाम महर्षि बाल्मीकि, गुरुरविदास, गुरु गोविंद सिंह, दुर्गा दास राठौर, शहीद बिरसा मुंडा, ईश्वरदास रोहाणी, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, भगवान परसुराम और दादा ठनठन पाल के नाम पर होंगे।